18 March 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

एसआईआर को लेकर उत्तराखंड में तैयारी तेज

एसआईआर को लेकर उत्तराखंड में तैयारी तेज

उत्तराखण्ड में आगामी अप्रैल माह में होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सचिवालय में सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिए तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में कम मैपिंग वाले जनपदों पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कड़़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित ईआरओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

CEO ने शहरी क्षेत्रों और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए SIR का एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में CEO ने बताया कि प्रदेश में 87 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग की जा चुकी है, लेकिन जनपद देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में मैपिंग की प्रगति कम है। सीईओ ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों की एसआईआर के लिए तैनाती की जाए। उन्होंने बीएलओ की ट्रेनिंग कार्य लगातार चलाए जाने के निर्देश दिए।

See also  LUCC पीड़ितों को इंसाफ की मांग, आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

सीईओ ने सभी जिलाधिकारियों को एसआईआर से पूर्व सभी बूथों पर शत प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट्स की नियुक्ति के लिए राजनैतिक दलों से बैठक करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जनपद गणना प्रपत्र के वितरण का पूरा प्लान तैयार कर दें, ताकि समय पर फार्म वितरण की प्रक्रिया संपन्न कराई जा सके।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल रुप से उपस्थित रहे।