1 October 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

नारायणबगड़ में अतिवृष्टि के बाद राहत बचाव में जुटा प्रशासन

नारायणबगड़ में अतिवृष्टि के बाद राहत बचाव में जुटा प्रशासन

चमोली के नारायणबगड़ में हुई अतिवृष्टि के कारण मलबा मुख्य बाजार में पहुंच गया। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन, पुलिस एवं संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत, बचाव तथा सफाई कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।

बुधवार-गुरुवार की मध्यरात्रि लगभग 1:00 बजे हुई अतिवृष्टि के चलते आए मलबे से नारायणबगड़ मुख्य बाजार का एक हिस्सा प्रभावित हुआ। त्वरित बचाव व राहत कार्यों के चलते घटना में किसी प्रकार की जनहानि व पशुहानि नहीं हुई। नारायणबगड़ में अतिवृष्टि के बाद राहत बचाव में जुटा प्रशासन

अतिवृष्टि के कारण मुख्य बाजार में सड़क किनारे खड़े कुछ दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों में मलबा भर गया तथा कुछ दुकानों में पानी और मलबा घुस गया। घटना के तुरंत बाद प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए राहत एवं सफाई अभियान प्रारंभ कर दिया है।

See also  एसआईआर को लेकर काजी निजामुद्दीन ने उठाए सवाल

जिलाधिकारी श्री गौरव कुमार ने संबंधित विभागों को प्रभावित निजी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों के नुकसान का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कृषि भूमि, फसलों एवं अन्य परिसंपत्तियों को हुई क्षति का सर्वेक्षण कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने को कहा है, ताकि नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी के निर्देशानुसार एसडीआरएफ, पुलिस, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमें मौके पर राहत एवं पुनर्स्थापन कार्य में जुटी हुई हैं। जेसीबी मशीनों की सहायता से मुख्य मार्गों से मलबा हटाने का कार्य लगातार जारी है, जिससे यातायात एवं जनजीवन को शीघ्र सामान्य किया जा सके।

See also  रामनगर तहसील में मिलीं खामियां, कुमाऊं कमिश्नर ने मांगा जवाब

अतिवृष्टि के कारण पेयजल आपूर्ति अस्थायी रूप से प्रभावित हुई थी, जिसे बहाल करने के लिए संबंधित विभाग द्वारा तेजी से कार्य किया जा रहा है। विद्युत आपूर्ति पूरी तरह सुचारु बनी हुई है।

जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही से बचें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। प्रशासन द्वारा राहत एवं पुनर्स्थापन से जुड़े सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं।

See also  3 अक्टूबर को आएगी फाइनल वोटर लिस्ट