उत्तराखंड कांग्रेस से जुड़ी आज की सबसे बड़ी ख़बर है। आज देर शाम तक बड़े बदलाव की ख़बर आने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक बदलाव को लेकर आलाकमान ने फैसला कर लिया है अब औपचारिक घोषणा होना बाकी है। माना जा रहा है कि आज शाम तक ही इसका ऐलान कर दिया जाएगा। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की हार के बाद कांग्रेस ने नये सिरे से खड़ा होने की कोशिश की है, अब लोकसभा चुनाव सिर पर हैं और पार्टी के अंदर अभी भी अनबन है। नेताओं के बीच मनमुटाव सार्वजनिक तौर पर दिख रहा है।
इस पूरी स्थिति से निपटने की कोई कवायद होती हुई नहीं दिख रही। चर्चा ये है कि दिल्ली दरबार तक उत्तराखंड कांग्रेस की कमजोर कड़ियों से जुड़ी हर जानकारी है, इसीलिए अब बदलाव की तैयारी की जा रही है। इस बदलाव के जरिये सबको साधने की कोशिश होगी और एकजुट होकर नये जोश के साथ लोकसभा का चुनाव लड़ने और जीतने की रणनीति तैयार की जाएगी।
बदलाव क्या होगा?
उत्तराखंड कांग्रेस 2022 में जीता जिताया चुनाव हारी थी। आपसी तालमेल की कमी और गुटबाजी की वजह से सत्ता हाथ से फिसली थी। नतीजों के बाद समीक्षा भी हुई लेकिन कोई फैसला, कोई एक्शन किसी पर नहीं हुआ। हालांकि तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को हटा दिया गया था। उसके बाद नया नेतृत्व खड़ा किया गया। जिसके बाद सियासी चक्र नये तरीके से घूमने लगा और प्रीतम सिंह ने उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रभारी पर गुटबाजी बढ़ाने, चर्चा ना करने, जिम्मेदारी सही से ना निभाने, कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने के गंभीर आरोप लगाए। देवेंद्र यादव के खिलाफ प्रीतम सिंह ने राज्य स्तर से लेकर केंद्रीय स्तर तक मोर्चा खोले रखा।

अब लोकसभा चुनाव भी नजदीक हैं और बतौर प्रभारी देवेंद्र यादव की उत्तराखंड में कहीं मौजूदगी नहीं है। ऐसे में आलाकमान को पूरी जानकारी है और माना जा रहा है कि देवेंद्र यादव को हटाकर कोई नया प्रभारी उत्तराखंड को दिया जा सकता है। अब वो कौन होगा उससे क्या फायदा मिलेगा ये कहा नहीं जा सकता लेकिन रणनीति के हिसाब से उत्तराखंड में कांग्रेस की मजबूती के लिए प्रभारी बदलने की चर्चा तेज है।

More Stories
बीजेपी का प्रशिक्षण शिविर, धामी ने भी दिए टिप्स
शहरों में विकास के नाम पर हो रही लापरवाही को लेकर यशपाल आर्य ने उठाए सवाल, सरकार को दिया अल्टीमेटम
पिथौरागढ़ में डीएम ने की 20 सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा