15 August 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर को लेकर हरिद्वार में की बैठक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर को लेकर हरिद्वार में की बैठक

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड डॉ.बी.वी.आर.सी. पुरुषोतम ने आज हरिद्वार जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से पृथक न किया जाए तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर को लेकर हरिद्वार में की बैठक

उन्होंने कहा कि एसआईआर के सफल क्रियान्वयन के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हर सप्ताह में अनिवार्य रूप से संवाद किया जाए तथा किसी भी विसंगति एवं नोटिस की सुनवाई बीएलओ स्तर पर करते हुए इसका समाधान किया जाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए है कि एसआईआर का कार्य पारदर्शिता एवं आपसी समन्वय के साथ सफलता पूर्वक किया जाए।

See also  स्वतंत्रता दिवस पर गंगोलीहाट में शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना, सीएम की घोषणाएं दो साल बाद भी पूरी ना होने पर आक्रोश

बैठक के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को जनपद में संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जनपद में मतदाताओं के डिजिटाइजेशन का कार्य 90.54 प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। मतदाता सूची में पाई गई विसंगतियों एवं ‘नो मैपिंग (Unmapped)’ श्रेणी के 92,594 मतदाताओं को नियमानुसार नोटिस जारी किए गए हैं। इन सभी मामलों की सुनवाई निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बीएलओ स्तर पर की जा रही है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुझाव एवं समस्याओं को सुना। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया है कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।

See also  उत्तराखंड के कई संगठनों के प्रतिनिधिमंडल से मिले राहुल गांधी

उन्होंने कहा कि विसंगतियों पर जो नोटिस निर्गत किए गए हैं उनकी सुनवाई बीएलओ स्तर पर ही की जाएगी तथा अनमैपिंग (Unmapped) मतदाताओं के संबंध में उन्होंने कहा कि निर्धारित 11 दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज के आधार पर सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी, जिससे पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया है कि किसी भी मतदाता का नाम बिना नोटिस के हटाया नहीं जाएगा । मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने हरिद्वार जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि जनपद में अभियान सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी सहित सभी अधिकारियों, एईआरओ, बीएलओ एवं निर्वाचन कार्य में लगे समस्त कार्मिकों की हौसला-अफजाई करते हुए इसी समर्पण और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

See also  धामी ने सीएम आवास पर फहराया तिरंगा

बैठक के उपरांत मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने रानीपुर विधानसभा क्षेत्र स्थित बीएचईएल केंद्रीय विद्यालय मतदान केंद्र का निरीक्षण किया । उन्होंने बूथ पर तैनात बीएलओ से विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत किए जा रहे मतदाता सत्यापन, नोटिस वितरण एवं अभिलेखों के रख-रखाव की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।