19 October 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

सीएम धामी ने बनबसा के मिनी स्टेडियम में किया विकास योजनाओं का शुभारंभ

सीएम धामी ने बनबसा के मिनी स्टेडियम में किया विकास योजनाओं का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा, चम्पावत स्थित मिनी स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सहित विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को खेल किट एवं पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित करना उनके परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने, नशे से दूर रहने और अनुशासनपूर्ण जीवन अपनाने का आह्वान किया। सीएम धामी ने बनबसा के मिनी स्टेडियम में किया विकास योजनाओं का शुभारंभ

खेल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में लगभग ₹256.97 करोड़ की लागत से विकसित किया जा रहा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रदेश की महिला खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और खेल के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा।

See also  अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं से सीएम धामी की मुलाकात

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के संबंध में उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, नियमित स्वास्थ्य जांच और निःशुल्क दवा वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त, जनपद में ₹20 करोड़ की लागत से बनने वाला 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर ब्लॉक गंभीर रोगियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि टनकपुर में लगभग ₹237.74 करोड़ की लागत से विकसित किया जा रहा आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) क्षेत्र की परिवहन एवं संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेगा। वहीं, मां पूर्णागिरि धाम और शारदा कॉरिडोर से संबंधित विकास कार्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित करेंगे।

See also  अभिनेता अक्षय कुमार की सीएम धामी से मुलाकात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बनबसा के चूना भट्ठा स्थित स्वतंत्रता सेनानी कैप्टन करम चन्द स्टेडियम में चार विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इसके अतिरिक्त, कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत ₹150.20 लाख की लागत से बैडमिंटन हॉल का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से स्टेडियम में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा तथा खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली साधना और बालक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जतिन चंद को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारत सरकार के उपक्रम NHPCL के टनकपुर पावर स्टेशन द्वारा CSR के अंतर्गत वन प्रभाग हल्द्वानी और वन प्रभाग चम्पावत को उपलब्ध कराए गए तीन टाटा योद्धा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से वन विभाग के कार्यों को सुगम बनाने के साथ वन एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों को गति मिलेगी।

See also  चतुर्थ केदार श्री रुद्रनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद