27 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

सीएम धामी ने किया पूर्णागिरी मेले का शुभारंभ

सीएम धामी ने किया पूर्णागिरी मेले का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज टनकपुर में ऐतिहासिक माँ पूर्णागिरि मेले का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने माँ पूर्णागिरि से प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने इस मेले को सालभर संचालित करने का संकल्प लेते हुए कहा कि पूर्णागिरि धाम को स्थायी संरचनाओं से सुसज्जित करने का लक्ष्य तय किया गया है। आगामी वर्षों में यह स्थान और भी भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप लेगा, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार माँ पूर्णागिरि धाम के विकास के लिए सतत प्रयासरत है और आगामी समय में इसे एक विशाल आध्यात्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। सांस्कृतिक आस्था एवं प्राकृतिक सौन्दर्य से परिपूर्ण चम्पावत को बुनियादी सुविधाओं से सशक्त बनाना हमारा लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने जनपद में संचालित विभिन्न विकासपरक योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि टनकपुर बस स्टेंड को ₹240 करोड़ से अधिक की लागत से इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT) के रूप में विकसित किए जाने से परिवहन सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत कुमाऊँ के प्रमुख मंदिरों का सौंदर्यीकरण और उनके रास्तों का चौड़ीकरण किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि पूर्णागिरि क्षेत्र में संचार व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए विशेष कार्य किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध कनेक्टिविटी मिल सके। माँ पूर्णागिरि धाम में रोपवे निर्माण कार्य भी जारी है, जिससे यात्रियों को सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।

See also  नंदा गौरा योजना के तहत सीएम धामी ने ट्रांसफर किए रुपये

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्णागिरि धाम के आसपास स्थित सभी प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को जोड़कर एक विशेष पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना माँ पूर्णागिरि मेले को 12 महीने संचालित करने के लक्ष्य के अनुरूप है और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण चंपावत को प्रत्येक क्षेत्र में विकसित व अग्रणी बनाने का कार्य किया जा रहा है। कनेक्टिविटी तथा शिक्षा के क्षेत्र में अनेक कार्य किए जा रहे हैं। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा के एक कैंपस चंपावत में आईटी लैब तथा महिला छात्रावास का निर्माण किया गया है। जिला मुख्यालय में ₹55 करोड़ की धनराशि से साइंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है ।

See also  बदरीनाथ मास्टर प्लान को लेकर बैठक

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोहाघाट में ₹237 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का कार्य प्रगति पर होने के साथ ही ₹16 करोड़ की लागत से पॉलिटेक्निक कॉलेज का नया भवन बनकर तैयार हो गया है। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओ का विस्तार करने हेतु जिला चिकित्सालय में ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। ₹28 करोड़ की धनराशि की लागत से इंटीग्रेटेड नर्सिंग संस्थान के भवन निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में 38 वें राष्ट्रीय खेलों की प्रतियोगिताओं से राफ्टिंग को नई पहचान मिली बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग यहां राफ्टिंग के लिए आ रहे है। टनकपुर क्षेत्र श्रद्धा और साहसिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में उभर रहा है। श्यामलाताल झील के विकास के लिए ₹5 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस क्षेत्र को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

See also  चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक