2 October 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

सीएम धामी ने मुजफ्फरनगर गोलीकांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

सीएम धामी ने मुजफ्फरनगर गोलीकांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले राज्य आंदोलन के अमर शहीदों का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। मुजफ्फरनगर कांड (रामपुर तिराहा) की बरसी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य के निर्माण में राज्य आंदोलनकारियों और अमर शहीदों का योगदान अविस्मरणीय है। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को प्रदेशवासी सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करते रहेंगे।सीएम धामी ने मुजफ्फरनगर गोलीकांड के शहीदों को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को अलग राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए राज्य आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया और अनेक आंदोलनकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके संघर्ष और बलिदान के परिणामस्वरूप ही उत्तराखण्ड राज्य का गठन हुआ। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों की भावनाओं और आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड का विकास करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र, संतुलित और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों तक बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, रोजगार और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही युवाओं, महिलाओं, किसानों और स्थानीय लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

See also  केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले न देहरादून में क्या किया?

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड को देश का आदर्श एवं अग्रणी राज्य बनाने के लिए हमें राज्य आंदोलन की मूल भावना को अपने कार्यों में प्रतिबिंबित करना होगा। इसके लिए प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं, प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण का संरक्षण करते हुए विकास की नई संभावनाओं को आगे बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य की प्रगति के लिए सरकार और समाज को मिलकर कार्य करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य आंदोलन के अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके सपनों के उत्तराखण्ड के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और एकजुटता के साथ कार्य करें। उन्होंने प्रदेशवासियों से शहीदों के बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए राज्य की उन्नति और समृद्धि के लिए अपना योगदान देने का आह्वान किया।

See also  सीएम धामी ने किया वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ