9 October 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

रोड कनेक्टिविटी को बेहतर करने की कवायद, जल्द केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलेंगे सीएम धामी

रोड कनेक्टिविटी को बेहतर करने की कवायद, जल्द केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलेंगे सीएम धामी

उत्तराखण्ड में सड़क कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी शीघ्र ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात करेंगे। गडकरी के साथ प्रस्तावित बैठक की तैयारियों को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा के मध्य विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। रोड कनेक्टिविटी को बेहतर करने की कवायद, जल्द केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिलेंगे सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से प्रस्तावित बैठक में ऋषिकेश बाईपास, अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग, ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण कर्णप्रयाग मार्ग और अल्मोड़ा-बागेश्वर-काण्डा-उडियारी बैंड मार्ग के निर्माण से संबंधित प्रस्तावों के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित राज्य के अनेक महत्वपूर्ण मामलों को प्रमुखता से रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से उत्तराखण्ड में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा। यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी और पर्वतीय क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से चारधाम यात्रा, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय टमटा ने प्रस्तावित परियोजनाओं पर सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सड़क संपर्क सुविधाओं के विकास हेतु केन्द्र सरकार निरंतर प्रयासरत है।

See also  सीएम धामी ने किया गुलदस्ता का विमोचन

प्रस्तावित ऋषिकेश बाईपास परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-07 में तीनपानी से योगनगरी होते हुए खारास्रोत तक 12.67 किमी लंबाई में चार लेन बाईपास का निर्माण प्रस्तावित है। इसकी अनुमानित लागत ₹1161.27 करोड़ है। इस परियोजना के अंतर्गत 4.876 किमी लंबाई में तीन हाथी कॉरिडोर हेतु एलिवेटेड मार्ग, चन्द्रभागा नदी पर 200 मीटर लंबा सेतु तथा रेलवे पोर्टल पर 76 मीटर लंबाई का आरओबी प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ₹318 करोड़ की लागत से 76 मीटर लंबाई का आरओबी प्रस्तावित किया गया है, जिससे नेपाली फार्म से ऋषिकेश नटराज चौक तक यातायात निर्बाध हो सकेगा।

अल्मोड़ा-दन्या-पनार-घाट मार्ग के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309बी के 76 किमी लंबाई वाले हिस्से में ₹988 करोड़ की अनुमानित लागत से दो लेन चौड़ीकरण का प्रस्ताव किया गया है।

See also  पीएम की जनसेवा के 25 साल, सीएम धामी ने ज्योति कलश यात्रा की शुरुआत की

ज्योलिकोट-खैरना-गैरसैंण कर्णप्रयाग मार्ग के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-109 में 235 किमी लंबाई में दो लेन चौड़ीकरण का संरेखण प्रस्ताव है।

अल्मोड़ा-बागेश्वर-काण्डा-उडियारी बैंड मार्ग के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-309ए में पैकेज 1, 2 और 5 में कुल 84.04 किमी लंबाई में ₹1001.99 करोड़ की लागत से कार्य प्रस्तावित हैं। काण्डा से बागेश्वर खंड (पैकेज-02) के लिए वनभूमि हस्तांतरण प्रस्ताव पर भारत सरकार की स्वीकृति मिल चुकी है।

See also  सीआईआई उत्तराखण्ड इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो‌ में सीएम धामी ने की शिरकत
Ad 1