पिथौरागढ़ के डीएम आशीष कुमार भटगांई द्वारा पिथौरागढ़ स्थित पीएम श्री सरस्वती देव सिंह राजकीय इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
जिलाधिकारी विभिन्न कक्षाओं में पहुंचे, जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ, शिक्षण व्यवस्था एवं उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्यों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पीएम पोषण (मिड-डे मील) योजना का भी अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के किचन का निरीक्षण करते हुए भोजन निर्माण की प्रक्रिया, स्वच्छता व्यवस्था एवं खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को परखा। इस दौरान जिलाधिकारी स्वयं बच्चों के बीच बैठ कर उनके साथ मिड-डे मील ग्रहण किया।
बच्चों के साथ संवाद करते हुए उन्होंने भोजन के स्वाद, गुणवत्ता एवं नियमितता के बारे में जानकारी ली। बच्चों से मिले सकारात्मक फीडबैक पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया, वहीं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा सभी व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जीतेन्द्र वर्मा सहित विद्यालय प्रशासन, शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

More Stories
खटीमा में सैनिक सम्मान समारोह, सीएम धामी भी हुए शामिल
पिथौरागढ़ में जनगणना को लेकर ट्रेनिंग कैंप की शुरुआत
कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा की हल्द्वानी में कार्यकर्ताओं के साथ अहम बैठक