17 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

डीएम पिथौरागढ़ ने की सीएम की घोषणाओं की समीक्षा, लापरवाही बरतने वाले अफसरों को कड़ी चेतावनी

डीएम पिथौरागढ़ ने की सीएम की घोषणाओं की समीक्षा, लापरवाही बरतने वाले अफसरों को कड़ी चेतावनी

कलेक्ट्रेट सभागार, पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागवार समीक्षा बैठक के दौरान बेहद कड़े तेवर दिखाते हुए सभी विभागों को स्पष्ट संदेश दिया कि ढिलाई, लापरवाही और अपारदर्शिता पर अब जीरो टॉलरेंस लागू रहेगा।

बैठक में डीएम ने लोनिवि, पंचायती राज, नगर निगम, सिंचाई, लघु सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और राजस्व विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रगति रिपोर्टों का बारीकी से परीक्षण किया। कई विभागों में पारदर्शिता की कमी, कार्यों की धीमी रफ्तार और फील्ड लेवल पर कमजोर मॉनिटरिंग देखने पर जिलाधिकारी भटगांई ने अधिकारियों को सख्त फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।

डीएम ने मुवानी क्षेत्र की खस्ताहाल सड़क को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि एक अधिशासी अभियंता की विशेष तैनाती तुरंत की जाए और सड़क मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। इसके साथ ही देवसिंह मैदान से लगी सड़क की स्थिति खराब पाए जाने पर उन्होंने लोनिवि और एनएच दोनों विभागों को तत्काल कार्रवाई के सख्त आदेश दिए। डीएम ने कहा कि जनता को असुविधा देने वाले किसी भी विभाग को बख्शा नहीं जाएगा और सड़कें ठीक होना उनकी प्राथमिकता है, इसमें लापरवाही करने वालों पर सीधे कार्रवाई होगी।

See also  केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तारीख तय

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित सभी कार्य निर्धारित टाइमलाइन के भीतर ही पूरे हों। जहाँ बजट या तकनीकी बाधाएँ हों, उनकी विस्तृत रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत की जाए। सभी अधिकारी फील्ड विज़िट करें और गुणवत्ता में कोई समझौता न करें। हर विभाग की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य होगी और कमी पाए जाने पर सीधे जिम्मेदार अधिकारी पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि अब योजनाओं में ढिलाई नहीं बल्कि परिणाम चाहिए। जनता का पैसा और समय दोनों मूल्यवान हैं और किसी भी स्तर पर देरी स्वीकार्य नहीं होगी।

जिलाधिकारी भटगांई ने बैठक में स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री घोषणाएं जनता के हित में की गईं प्राथमिक घोषणाएं हैं और इनमें देरी न केवल प्रशासनिक विफलता है बल्कि जनता के साथ अन्याय भी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो विभाग समय पर परिणाम नहीं देंगे उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी और कार्यवाही सुनिश्चित होगी। अब आधे-अधूरे काम स्वीकार नहीं होंगे। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय मजबूत करने, फील्ड स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और योजनाओं को समयबद्ध मिशन मोड में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमओ डॉ. एस.एस. नबियाल, एसडीओ वन राजकुमार, डीडीओ रमा गोस्वामी, जिला पंचायत राज अधिकारी हरीश आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।