चमोली जिले के सीमांत क्षेत्र में स्थित शीतकालीन प्रवास वाले तमक में जिलाधिकारी गौरव कुमार के पहुंचने पर ग्रामीण महिलाओं ने उनका स्वागत किया और अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार किसी जिलाधिकारी का उनके गांव आगमन हुआ है, जिससे उनमें विशेष उत्साह और संतोष देखने को मिला।
इस दौरान तमक गांव में रहने वाले ग्रामीणों ने तमक नाले पर सुरक्षा दीवार निर्माण, गांव से बस सेवा प्रारंभ किये जाने, तमक नाले के पास जमा हो रहे पानी से बन रही झील के जल निकासी की व्यवस्था तथा गांव तक राशन आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने की मांग प्रमुखता से रखी। ग्रामीणों ने बताया कि अभी उन्हें परिवहन और राशन के लिए लगभग 12 किमी की दूरी तय करके जाना पड़ता है जिससे ग्रामीणों को अनेक समस्याओ का सामना करना पड़ता है।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों से परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही किये जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गम और सीमांत गांवों के निवासियों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जिलाधिकारी के दौरे से ग्रामीणों में नई उम्मीद जगी है और उन्होंने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।

More Stories
मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री की सीएम धामी से मुलाकात
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की उत्तराखंड वापसी, कांग्रेसियों ने जगह जगह किया स्वागत
कैंट विधानसभा में कांग्रेस का परिवर्तन संकल्प सम्मेलन, नवीन जोशी ने टिकट के लिए की ओपन दावेदारी