12 March 2025

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

उत्तराखंड के मशहूर लोक कलाकार घनानंद का निधन

उत्तराखंड के मशहूर लोक कलाकार घनानंद का निधन

उत्तराखंड के प्रसिद्ध हास्य कलाकार घनानंद नहीं रहे। अपनी विशिष्ट हास्य शैली से दर्शकों को लोटपोट करने वाले घना भाई रुलाकर इस दुनिया को अलविदा कह गए। वह श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में कई दिनों से भर्ती थे। गंभीर बीमारी से जूझ रहे घनानंद को बचाने के लिए डॉक्टरों ने अथक प्रयास किए। लेकिन, मंगलवार दोपहर को उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिससे उन्हें उबारा नहीं जा सका। वह करीब 72 वर्ष के थे।

महंत इंदिरेश अस्पताल में गहन चिकित्सा के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। चिकित्सक उनका जीवन बचाने की जद्दोजहद कर रहे थे, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी है। पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार अब कल उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। घनानंद की मृत्य से कला जगत में शोक की लहर है। उनके लाखों प्रशंसक व्यथित हैं।

See also  रुद्रप्रयाग में महिला पुलिस कर्मियों को दी गई सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग

उत्तराखंड की लोक संस्कृति और हास्य अदाकारी में घनानंद का नाम बेहद अदब से लिया जाता था। सोशल मीडिया पर अब उनके प्रशंसकों ने अपने प्रिय कलाकार को श्रद्धांजलि अर्पित करनी शुरू कर दी है। उनकी आकस्मिक मृत्यु पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है। इसे कला संस्कृति और रंगमंच के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है