संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश लेकर निकली समरसता संदेश यात्रा का उत्तराखंड पहुंचने पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने यात्रा का स्वागत कर संत रविदास जी के विचारों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कुल्हाल (पांवटा साहिब) से लेकर देहरादून तक विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संगठनों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं यात्रा संयोजक दीप्ति रावत भारद्वाज ने यात्रा के स्वागत में उमड़े जनसमर्थन के लिए सभी सामाजिक संगठनों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज ने अपने जीवन और विचारों से समाज को समानता, प्रेम, करुणा और भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनका संदेश जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से मुक्त ऐसे समाज की स्थापना का है, जहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान प्राप्त हो। भारद्वाज ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी सामाजिक समरसता और सामाजिक एकता के लिए प्रासंगिक हैं। उनकी विचारधारा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने और आपसी सद्भाव को मजबूत करने की प्रेरणा देती है। सामाजिक समरसता केवल विचारों और नारों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे अपने व्यवहार और जीवन में भी अपनाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि इस संदेश यात्रा का उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना, समाज में समानता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना और नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन दर्शन से परिचित कराना है। यात्रा को मिल रहा जनसमर्थन संत रविदास जी के विचारों के प्रति समाज की आस्था और सम्मान को दर्शाता है।
समरसता संदेश यात्रा का कुल्हाल, हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, झाझरा, प्रेमनगर, बल्लीपुर चौक, किशन नगर चौक, बिंदाल पुल, घंटाघर, आराघर चौक, फव्वारा चौक और रिस्पना सहित विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया गया।

More Stories
बरम-कनार सड़क की मांग को लेकर लोगों ने स्थगित किया आंदोलन, सीएम धामी के भरोसे के बाद माने लोग
स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए धामी सरकार उठा रही असरदार कदम
जल प्रदूषण रोकने के लिए उत्तराखंड में उठाए जा रहे अहम कदम