डीएम पिथौरागढ़ आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में मासिक स्टाफ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए कि तहसील स्तर के सभी कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता का ध्यान रखा जाए। सभी राजस्व वादों का समय से निस्तारण करें। राजस्व वसूलियों को नियमानुसार पूर्ण करें एवं न्यायालय स्तर के सभी कार्यों में प्रगति लाई जाए।

आगामी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता सूची, निर्वाचन व्यवस्थाओं एवं चुनाव से संबंधित विभिन्न दायित्वों को लेकर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ तैयारियां करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने अथवा निस्तारण में लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने डिजिटल क्रॉप सर्वे एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नियमित मॉनिटरिंग की जाए, ताकि निर्धारित समयावधि में लक्ष्य प्राप्त किए जा सकें।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य उपजिलाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

More Stories
रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी
श्रीनगर को सीएम धामी ने दी विकास योजनाओं की सौगात
फूलों की घाटी को इस सीजन के लिए बंद किया गया