9 November 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

राज्य स्थापना दिवस पर पिथौरागढ़ में धूमधाम से हुए कार्यक्रम

राज्य स्थापना दिवस पर पिथौरागढ़ में धूमधाम से हुए कार्यक्रम

उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद पिथौरागढ़ में सादगीपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में आयोजित किया गया, जबकि जनपद के उपजिला मुख्यालयों में भी विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य स्थापना दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। राज्य स्थापना दिवस पर पिथौरागढ़ में धूमधाम से हुए कार्यक्रम

रामलीला मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीडीहाट विधायक श्री बिशन सिंह चुफाल एवं जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भटगांई ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके उपरांत राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दलों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। लोकगीतों एवं लोकनृत्यों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की आकर्षक झलक प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों द्वारा सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित राज्य की विकास पुस्तिका का विमोचन किया गया। साथ ही राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों को जिलाधिकारी एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान राज्य निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान, संघर्ष एवं त्याग को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

See also  भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर संस्था के उत्तराखण्ड प्रतिनिधिमंडल ने सीएम धामी से की मुलाकात

मुख्य अतिथि विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल ने अपने संबोधन में समस्त जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के अथक संघर्ष के परिणामस्वरूप ही पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘वोकल फॉर लोकल’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जनपद के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान एवं प्रोत्साहन मिल रहा है। साथ ही आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित अल्ट्रा मैराथन जैसी गतिविधियों से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को भी नई गति मिल रही है।

See also  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्थापना दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि मेयर नगर निगम पिथौरागढ़ कल्पना देवलाल ने भी राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास में जनसहभागिता एवं स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने समस्त जनपदवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, नगरवासियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें उन महान राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं योगदान का स्मरण कराता है, जिनके अथक प्रयासों से उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हुआ।

उन्होंने अपनी बोली-भाषा एवं संस्कृति के संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों विशेषकर धारों-नौलों के पुनर्जीवन, पैतृक गांवों को आबाद रखने तथा स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जनपदवासियों से इन संकल्पों को आत्मसात कर राज्य के विकास एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा मनरेगा, दीनदयाल उपाध्याय कौशल विकास योजना तथा कृषि एवं उद्योग विभाग की एमएसएमई योजना के लाभार्थियों, राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं क्रॉस कंट्री दौड़ के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

See also  जवानों के साथ दीपावली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोड़े, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका राजेंद्र रावत, ग्राम प्रधान बडालू दिवाकर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी, गणमान्य नागरिक, विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।