11 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

जल जीवन मिशन को लेकर डीएम पिथौरागढ़ सख्त, फील्ड विजिट कर दिए अफसरों को लापरवाही से बाज आने के निर्देश

जल जीवन मिशन को लेकर डीएम पिथौरागढ़ सख्त, फील्ड विजिट कर दिए अफसरों को लापरवाही से बाज आने के निर्देश

जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष कुमार भटगाई ने जनपद में संचालित जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत 37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित वासुकीनाग ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना का मंगलवार को स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य योजना की प्रगति, गुणवत्ता तथा क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का जायजा लेना था।

ये महत्वाकांक्षी पेयजल योजना विकासखंड गंगोलीहाट के 49 गांवों को शुद्ध एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्रियान्वित की जा रही है। योजना पूर्ण होने के उपरांत क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को दूरस्थ स्रोतों से पानी ढोने की समस्या से निजात मिलेगी तथा जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा।

See also  नित्यानंद जन्म शताब्दी वर्ष पर गोष्ठी का आयोजन, सीएम धामी ने की शिरकत

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा सेराघाट में निर्मित इन्फिल्ट्रेशन वेल का निरीक्षण किया गया, जहां पंपिंग कार्य सुचारु रूप से संचालित पाया गया। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से तकनीकी व्यवस्थाओं, विद्युत आपूर्ति, पंपिंग क्षमता तथा भविष्य की जलापूर्ति व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एचटी पैनल रूम के नीचे आरसीसी से सुरक्षा दीवार निर्माण किए जाने के निर्देश दिए, जिससे उपकरणों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही पाइपलाइन को एंकर ब्लॉक के माध्यम से कवर कर मजबूती से एंकरिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि भूस्खलन एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान पाइपलाइन को क्षति न पहुंचे।जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था एवं विभागीय अधिकारियों को योजना से जुड़े अवशेष कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल जैसी जनहित की योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

See also  आवास सचिव आर राजेश कुमार ने नगर और ग्राम नियोजन विभाग की बैठक की

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन गांवों को वर्तमान में वासुकीनाग पेयजल योजना से नहीं जोड़ा गया है, उन्हें भी योजना से जोड़ने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जाए। इसके लिए वैकल्पिक तकनीकी एवं वित्तीय प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल से जल का लक्ष्य जनपद प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसे समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को शीघ्र पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।