16 March 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पिथौरागढ़ में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

पिथौरागढ़ में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस

पिथौरागढ़ जनपद में आज 26 जनवरी 2026 को देश का 77वां गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। यह पर्व हमारे राष्ट्रीय गौरव, संविधानिक मूल्यों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग का प्रतीक है। जनपद मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर उत्सव का उल्लासपूर्ण माहौल देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर एवं पुलिस लाइन को तिरंगे, पुष्प सज्जा एवं रंग-बिरंगी झांकियों से आकर्षक रूप से सजाया गया।

मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पिथौरागढ़ आशीष भटगांई द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। इसके पश्चात विभिन्न विभागों द्वारा तैयार की गई झांकियों को हरी झंडी दिखाकर पुलिस लाइन की ओर रवाना किया गया। झांकियों के माध्यम से जनपद में संचालित विकास कार्यों, सामाजिक एवं आर्थिक योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, कृषि, उद्योग, आपदा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विषयों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया गया।

पुलिस लाइन में जिलाधिकारी द्वारा पुनः राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा भव्य परेड का निरीक्षण किया गया। परेड में भारतीय सेना, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, उत्तराखंड पुलिस, महिला होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा संगठनों के दल शामिल रहे। सभी टुकड़ियों ने अनुशासित एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया। जिलाधिकारी ने परेड की सलामी लेते हुए अधिकारियों एवं जवानों के समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

See also  फूलदेई के मौके पर बीजेपी दफ्तर में बच्चों की मुस्कान

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ संविधान हमें स्वतंत्रता, समानता एवं न्याय के मूल अधिकार प्रदान करता है। यह दिवस हमें स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान एवं दूरदर्शिता की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि भारत ने विज्ञान, तकनीक, सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है, जो प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसएसबी एवं उत्तराखंड पुलिस के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि इन बलों की सतर्कता एवं सेवा भावना से ही देश एवं जनपद सुरक्षित है।

जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र का आधार नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं कर्तव्यबोध पर टिका है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए। समयपालन, मानवीय गरिमा, सर्वधर्म समभाव, विश्व बंधुत्व एवं धर्मनिरपेक्षता हमारे गणतंत्र के मूल स्तंभ हैं, जिन्हें सुदृढ़ बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

See also  विधानसभा चुनाव कै लेकर उत्तराखंड बीजेपी की अहम बैठक

इस अवसर पर विभिन्न विभागों, पंजीकृत सांस्कृतिक दलों एवं विद्यालयों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। सूचना विभाग, एशियन एकेडमी स्कूल, वीर शिवा एवं मानसखंड एकेडमी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। जूडो एवं कराटे के प्रदर्शन ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण उत्पन्न किया।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले नागरिकों, पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों एवं पूर्व सैनिक संगठनों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट परेड में प्रथम पुरस्कार सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), द्वितीय पुरस्कार महिला होमगार्ड तथा तृतीय पुरस्कार सशस्त्र पुलिस, पुलिस लाइन को प्रदान किया गया। झांकियों में प्रथम पुरस्कार उद्यान विभाग (रूफटॉप फार्मिंग), द्वितीय पुरस्कार आपदा प्रबंधन विभाग (वाटर रेस्क्यू) तथा तृतीय पुरस्कार जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (महिला आजीविका), कृषि विभाग (यंत्रीकरण) एवं उद्योग विभाग (हथकरघा) को प्रदान किया गया।

See also  UPSC क्रैक करने वाली छात्राओं से मिले सीएम धामी

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी से जनपद एवं प्रदेश के विकास में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने मुख्य अतिथि जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफ़ाल, दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जीतेन्द्र प्रसाद, नगर निगम महापौर कल्पना देवलाल, ब्लॉक प्रमुख कनालीछीना महिमन कन्याल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।