28 August 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

कैंपा के तहत उत्तराखंड को मिली बड़ी रकम

कैंपा के तहत उत्तराखंड को मिली बड़ी रकम

उत्तराखण्ड की समृद्ध वन संपदा, जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन के लिए केंद्र सरकार का राज्य को निरंतर सहयोग मिल रहा है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजे पत्र में कैम्पा के माध्यम से उत्तराखण्ड को उपलब्ध कराए गए सहयोग एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी है। इस संबंध में मुख्यमंत्री द्वारा केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री से अनुरोध किया गया था।

केंद्रीय मंत्री द्वारा अपने पत्र में उत्तराखण्ड राज्य के प्रति राष्ट्रीय प्राधिकरण कैम्पा के तहत निरंतर सहयोग को रेखांकित किया गया है। पिछले तीन वर्षों में कैम्पा द्वारा उत्तराखण्ड के लिए कुल ₹945.69 करोड़ की धनराशि के कार्यों को अनुमोदित किया गया है। वर्षवार विवरण के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2023-24 में ₹383.82 करोड़, 2024-25 में ₹335.37 करोड़ तथा 2025-26 में ₹226.50 करोड़ की धनराशि अनुमोदित की गई।

See also  बीजेपी नेता राजेश्वर पैन्यूली ने प्रतापनगर सीट से पेश की दावेदारी

केंद्रीय वन मंत्री द्वारा प्रेषित पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि राज्य सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹339 करोड़ का ‘‘ऐनुअल प्लान ऑफ ऑपरेशन’’ (APO) प्रस्तुत किया गया है। इस संबंध में प्रतिपूरक वनीकरण निधि अधिनियम:2016 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों के प्रावधानों के अनुरूप प्रस्तावों के परीक्षण एवं मूल्यांकन के उपरांत राष्ट्रीय प्राधिकरण द्वारा अब तक ₹104.35 करोड़ की राशि अनुमोदित की जा चुकी है तथा APO 2026-27 में प्रस्तावित शेष कार्यों की स्वीकृति के संबंध में राष्ट्रीय प्राधिकरण की कार्यकारी समिति की 40वीं बैठक में विचार किया गया है। इससे राज्य में वन संरक्षण, पारिस्थितिकी तंत्र के सुदृढ़ीकरण, जैव विविधता संरक्षण तथा पर्यावरणीय पुनर्स्थापना से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग मिलने की उम्मीद है।

See also  सैनिक कल्याण के क्षेत्र में मॉडल बना उत्तराखंड

केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में राष्ट्रीय प्राधिकरण की ओर से उत्तराखण्ड सरकार को वार्षिक कार्ययोजना के प्रभावी क्रियान्वयन में हरसंभव सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड की विशिष्ट हिमालयी पारिस्थितिकी, वन संपदा और जैव विविधता के संरक्षण को राज्य की प्राथमिकताओं में शामिल किया है। केंद्र के निरंतर सहयोग से राज्य में पर्यावरण संरक्षण एवं वन प्रबंधन से जुड़े प्रयासों को और गति मिलेगी।

See also  सीएम धामी ने रुद्रपुर में मेरे सपनों का उत्तराखंड कार्यक्रम में शिरकत की
Ad 2