26 August 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

रचनात्मक कांग्रेस क्या काम करेगी? संदीप दीक्षित ने देहरादून में बताया

रचनात्मक कांग्रेस क्या काम करेगी? संदीप दीक्षित ने देहरादून में बताया

रचनात्मक कांग्रेस की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित एवं उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस किसी संगठनात्मक पद या राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं, बल्कि संविधान के मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी प्रगतिशील नागरिकों, सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों, कलाकारों, शिक्षाविदों, युवाओं, महिलाओं और जन आंदोलनों को जोड़ने की एक वैचारिक पहल है। रचनात्मक कांग्रेस क्या काम करेगी? संदीप दीक्षित ने देहरादून में बताया

संदीप दीक्षित ने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस का उद्देश्य केवल राजनीतिक विमर्श तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करना, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना तथा संविधान में निहित समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में रचनात्मक भागीदारी तभी संभव है, जब समाज के विभिन्न वर्ग मिलकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।

See also  अवैध निर्माण के खिलाफ एमडीडीए का एक और प्रहार

उन्होंने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा प्रेरित एक स्वतंत्र मंच है, जो सामाजिक सरोकारों और वैचारिक प्रतिबद्धता के आधार पर कार्य करेगा। इसका उद्देश्य ऐसे लोगों को साथ लाना है जो लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय, समावेशिता और बहुलतावादी भारतीय परंपरा में विश्वास रखते हैं।

गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड जैसे संवेदनशील राज्य में समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद, सहभागिता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रचनात्मक कांग्रेस के माध्यम से सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, किसान संगठनों, श्रमिक संगठनों और विभिन्न जन आंदोलनों से जुड़े लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराया जाएगा, जहां समाज और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा और रचनात्मक पहल को बढ़ावा मिलेगा।

See also  सीएम धामी ने देहरादून कैंप कार्यालय में सुनीं लोगों की समस्याएं

उन्होंने कहा कि ये मंच समाज में वैचारिक जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण और जनभागीदारी को मजबूत करने का कार्य करेगा। साथ ही, यह विभिन्न सामाजिक समूहों और कांग्रेस के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम भी बनेगा।

प्रेस वार्ता में विजय प्रताप, आशीष जोशी एवं भुवन पाठक ने भी अपने संक्षिप्त विचार व्यक्त करते हुए रचनात्मक कांग्रेस की इस पहल को समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

कार्यक्रम का संचालन सुजाता पॉल ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, निशांत रौथाण, प्रभात पाल सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।

See also  विकास योजनाओं के लिए सीएम धामी ने मंजूर किया बजट