उत्तराखंड क्रांति दल युवा प्रकोष्ठ ने नगरासू प्रकरण को लेकर कोतवाली काशीपुर में प्रार्थना-पत्र सौंपते हुए उपलब्ध वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान कुछ निहंग वेशधारी व्यक्तियों द्वारा कानून-व्यवस्था भंग करने, गढ़वाली समुदाय के विरुद्ध अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां करने, सामाजिक वैमनस्य फैलाने तथा स्थानीय नागरिकों में भय का वातावरण उत्पन्न करने का प्रयास किया गया।

युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता, सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी समुदाय के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं या कानून का उल्लंघन हुआ है, तो दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उत्तराखंड क्रांति दल का उद्देश्य केवल कानून के राज और सामाजिक सौहार्द की रक्षा करना है।
काशीपुर जिला अध्यक्ष प्रदीप मैंदोलिया ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति आपसी सम्मान और भाईचारे की रही है। किसी भी समुदाय, विशेषकर गढ़वाली समाज के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग या सामाजिक वैमनस्य फैलाने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि दोषियों पर समयबद्ध कार्रवाई से ही जनता का कानून पर विश्वास बना रहेगा।
नवनियुक्त युवा प्रकोष्ठ काशीपुर महानगर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि युवा उक्रांद उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक के सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संगठन किसी समुदाय विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि कानून तोड़ने वाले प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध समान और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करता है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कानूनी कार्रवाई कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए।

More Stories
धाकड़ और धुरंधर के बाद धैर्यवान धामी, कर्णप्रयाग विवाद के बाद दिखाई नेतृत्व क्षमता
रुड़की में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी
सीएम धामी ने रुड़की में किया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन