16 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

सीएम धामी ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल

सीएम धामी ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार देर शाम आई.एस.बी.टी, देहरादून में बेसहारा एवं बेघर लोगों, मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को सर्दी से बचाव हेतु कंबल वितरित किए। मुख्यमंत्री ने ट्रांसपोर्ट नगर, आईएसबीटी स्थित रैन बसेरे का भी औचक निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने रैन बसेरे में रह रहे लोगों की कुशलक्षेम जानी।

मुख्यमंत्री ने आई.एस.बी.टी में कंबल वितरण के दौरान सभी की कुशलक्षेम जानी एवं प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कंबल, गर्म कपड़े वितरण के साथ ही सर्दी से बचाव के लिए अलाव जलाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आईएसबीटी में यात्रियों के लिए भी ठंड से बचाव हेतु व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

See also  खटीमा में सीएम धामी ने किया महाशिवरात्रि मेले का शुभारंभ

ट्रांसपोर्टनगर स्थित रैन बसेरे के औचक निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने वहां रह रहे श्रमिकों के साथ अलाव भी सेका। उन्होंने अधिकारियों को रैन बसेरों में पर्याप्त सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि रैन बसेरों में पर्याप्त मात्रा में बिस्तर हो। उन्होंने कहा कि शहर में सड़कों के किनारे रह रहे लोगों, आवासहीन लोगों और परिवारों को भी रैन बसेरे में शिफ्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि खासकर बच्चों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बीमार लोगों को तत्काल रैन बसेरा की सुविधा दी जाए। उन्होंने रैन बसेरे में आवश्यकता के अनुसार भोजन की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए।

See also  श्रीनगर में स्टंटबाजी कर रहे थे हरियाणा के युवक, पुलिस ने सिखाया सबक

मुख्यमंत्री ने सभी जरूरतमंद लोगों को तय समय के अंदर कंबल वितरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य में कोई भी व्यक्ति सर्दी की चपेट में ना आए। उन्होंने कहा कि हमने जन सेवा के भाव से इस पूरे शीतकाल में बेसहारा लोगों की हर संभव सहायता करनी है। मुख्यमंत्री ने शहर में विभिन्न प्रमुख स्थानों पर भी विशेष रूप से अलाव जलाने के भी निर्देश दिए।