18 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पंचायत चुनाव के लिए कांग्रेस ने बनाए 12 प्रभारी इन नेताओं को दी गई जिम्मेदारी

पंचायत चुनाव के लिए कांग्रेस ने बनाए 12 प्रभारी इन नेताओं को दी गई जिम्मेदारी

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा ने आगामी पंचायत चुनावों के लिए प्रदेश के 12 वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को जिला प्रभारी नियुक्त किया है। इस संबंध में आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने की। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मंत्री डॉक्टर हरक सिंह रावत और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन व प्रशासन) सूर्यकांत धस्माना उपस्थित रहे। बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा और रणनीति तय की गई।

बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि पार्टी पंचायत चुनावों को गंभीरता से लड़ने जा रही है। ग्राम पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य व अध्यक्ष पद के लिए मजबूत उम्मीदवार उतारे जाएंगे। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता पूरी ताकत से उनके समर्थन में काम करेंगे।

See also  आपदा से जुड़ी निधि के प्रस्तावों को लेकर बैठक

प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने पंचायत चुनावों की शुरुआत ही बेईमानी से की है। उन्होंने कहा कि पंचायतों का आरक्षण रोस्टर शून्य कर दिया गया, जो पूरी तरह असंवैधानिक और पंचायत राज अधिनियम का उल्लंघन है। जिला पंचायत अध्यक्ष, सदस्य, क्षेत्र पंचायत प्रमुख व सदस्य तथा ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के आरक्षण का अलग-अलग आधार रखा गया है, जो नियमों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि चुनाव दो चरणों में कराने का फैसला भाजपा सरकार की हार के डर को दर्शाता है। भाजपा सरकारी मशीनरी और बाहुबल का दुरुपयोग कर चुनावों को प्रभावित करना चाहती है।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस को पूरी ताकत से अपने समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार इस चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करेगी, इसलिए पार्टी को सतर्क रहना होगा। उन्होंने भरोसा जताया कि ग्रामीण जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पौड़ी जिले में आरक्षण में हुई धांधली पर जब उन्होंने जिलाधिकारी से सवाल किया तो संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि आरक्षण के खिलाफ कई आपत्तियां उच्च न्यायालय में लंबित हैं, जिनकी सुनवाई 24 जून को होगी। इसके बावजूद पार्टी को अपनी तैयारी पूरी रखनी होगी।

See also  ईज ऑफ डूइंग बिजनेस पार्ट 2 की सचिवालय में समीक्षा बैठक

 

बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस ग्राम पंचायत सदस्य से लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष तक सभी चुनावों में पूरी ताकत लगाएगी और पार्टी का परचम लहराएगी। पूर्व मंत्री डॉक्टर हरक सिंह रावत ने सुझाव दिया कि जिला स्तर के साथ-साथ विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर भी प्रभारी और समन्वयक नियुक्त किए जाएं, ताकि चुनाव लड़ रहे कार्यकर्ताओं को पूरा सहयोग मिल सके।

 

पार्टी ने किए जिला प्रभारियों की घोषणा

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष करन माहरा ने राज्य के सभी 12 जिलों के लिए जिला प्रभारी नियुक्त किए हैं

चंपावत: महेंद्र सिंह पाल (पूर्व सांसद)

See also  उत्तराखंड पुलिस फिर चलाएगी वेरिफिकेशन ड्राइव, कानून व्यवस्था के मद्देनजर फैसला

बागेश्वर: महेंद्र सिंह लूंठी

अल्मोड़ा: धीरेन्द्र प्रताप

पिथौरागढ़: भगीरथ भट्ट (प्रदेश उपाध्यक्ष)

नैनीताल: संजीव आर्या (पूर्व विधायक)

उधम सिंह नगर: रणजीत सिंह रावत (पूर्व विधायक)

टिहरी: सूर्यकांत धस्माना (प्रदेश उपाध्यक्ष)

उत्तरकाशी: मंत्री प्रसाद नैथानी (पूर्व मंत्री)

रुद्रप्रयाग: विक्रम सिंह नेगी (विधायक)

देहरादून: वीरेंद्र जाती (विधायक)

चमोली: प्रदीप थपलियाल

पौड़ी: लखपत बुटोला (विधायक)

धस्माना ने बताया कि पार्टी जल्द ही विधानसभा स्तर पर भी समन्वयकों की नियुक्ति करेगी, जो जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों के साथ मिलकर चुनावी समन्वय का कार्य देखेंगे।