21 November 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

श्रीनगर में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार

श्रीनगर में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार

श्रीनगर तहसील क्षेत्रांतर्गत गौशाला के समीप लगाये गये पिंजरे में कैद हुए नर गुलदार के नमूने जाँच के लिए फॉरेन्सिक लैब भेजे जाएंगे। वहीं, वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में अकेले या अँधेरे में नहीं जाये। क्षेत्र में अन्य गुलदार की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है।

पिछले कुछ दिनों से श्रीनगर नगर निगम के गंगा दर्शन और गौशाला के आसपास गुलदार के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। यहाँ गुलदार तीन लोगों पर हमला भी कर चुका है। जिससे स्थानीय लोगों में भारी भय और असुरक्षा का माहौल था।

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों के क्रम में गुलदार की बढ़ती सक्रियता और हमलों की बढ़ती घटनाओं के बाद वन विभाग ने गौशाला क्षेत्र में पिंजरा लगाया था। लगातार निगरानी और प्रयासों के बाद शनिवार सुबह यह गुलदार पिंजरे में फंस गया। गुलदार के पकड़ में आने की खबर से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन वन विभाग ने अभी भी सतर्कता बरतने की अपील की है।श्रीनगर में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार

See also  देहरादून में अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला का आयोजन

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि गुलदार पकड़े जाने के बावजूद लोग अभी भी सतर्कता बरतें। सुबह-शाम की वॉक या अन्य किसी गतिविधि के दौरान अकेले न निकलें और विशेषकर अंधेरे वाले क्षेत्रों से बचें। विभाग का कहना है कि गुलदार को पकड़ लिया गया है, लेकिन यह जांच का विषय है कि वह बार-बार मानव बस्तियों की ओर क्यों आ रहा था।

उन्होंने बताया कि पिंजरे में कैद हुआ गुलदार पांच साल का नर है। पौड़ी में वन्यजीव विशेषज्ञ और डॉक्टरों की टीम उसका स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। विशेषज्ञ यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि गुलदार के हमलावर व्यवहार के पीछे कोई चोट, बीमारी या कोई अन्य कारण तो नहीं है। यदि गुलदार की हालत सामान्य पायी जाती है, तो उसे उसके प्राकृतिक आवास में शिफ्ट किया जाएगा, अन्यथा उसकी विशेष निगरानी की जाएगी।

See also  अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आज शामिल होंगे सीएम धामी, उत्तराखंड पवेलियन का करेंगे उद्घाटन

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि वन विभाग के अनुरोध पर गुलदार के रक्त, नेल स्क्रैपिंग व हेयर फॉलिकल्स के नमूने लिए गये हैं। इन नमूनों को फॉरेंसिक जांच हेतु भेजा जाएगा। ताकि यह जानने में मदद मिल सके कि क्या पकड़े गये गुलदार ने ही मनुष्यों पर हमला किया था, या गुलदार किसी बीमारी से पीड़ित तो नहीं है।

See also  विकास योजनाओं के लिए सीएम ने 155 करोड़ के बजट को दी मंजूरी
Ad 1