21 November 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

बीजेपी कार्यसमिति की हरिद्वार में बैठक विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर मंथन

बीजेपी कार्यसमिति की हरिद्वार में बैठक विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर मंथन

भाजपा की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति के निमित्त आयोजित प्रथम सत्र के अंतर्गत संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ बैठक में प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज एवं प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने प्रतिभाग किया। उन्होंने पार्टी के सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती, जनसंपर्क विस्तार और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर मार्गदर्शन दिया। इस बैठक में दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जन-जन तक पहुंचने, केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच प्रचारित करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने का आह्वान किया। बीजेपी कार्यसमिति की हरिद्वार में बैठक विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर मंथन

प्रदेश सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड एक अद्भुत भूमि है। यह केवल भारत की आध्यात्मिक चेतना की भूमि ही नहीं, बल्कि शौर्य भूमि और वीर भूमि का शंखनाद करने वाली देवभूमि है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्येक मोर्चे और 22 प्रकोष्ठों की अपनी विशिष्ट भूमिका है, जो समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सेवा और संगठन का आधार बनते हैं। कहा कि भाजपा का प्रत्येक मोर्चा समाज के एक महत्वपूर्ण वर्ग की आकांक्षाओं, अपेक्षाओं और सहभागिता का प्रतिनिधित्व करता है। युवा मोर्चा युवाओं की ऊर्जा, सामर्थ्य और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है, महिला मोर्चा नारी शक्ति, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व का सशक्त माध्यम है, जबकि किसान मोर्चा अन्नदाता किसानों के सम्मान, समृद्धि और उनके अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है। ओबीसी मोर्चा पुरुषार्थ का ध्वजवाहक है, अनुसूचित जाति मोर्चा सामाजिक समरसता एवं समान अवसरों का प्रतीक है, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जनजातीय गौरव, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का प्रतिनिधित्व करता है, वहीं अल्पसंख्यक मोर्चा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच विश्वास, सहभागिता और संवाद को मजबूत करने का कार्य करता है। इसी तरह उन्होंने कहा कि भाजपा के 22 प्रकोष्ठ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशेषज्ञता और जनसेवा का आधार बनकर कार्य कर रहे हैं।

See also  हरिद्वार में बीजेपी की बैठक, धामी ने किया जीत की हैट्रिक लगाने का दावा

बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था निरंतर प्रगति कर रही है। वैश्विक स्तर पर युद्ध और चुनौतियों के बावजूद भारत ने विकास की गति को बनाए रखा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेशों में भारत की छवि को लेकर नकारात्मक बातें करते हैं, जबकि देश की जनता बार-बार कांग्रेस को नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता हासिल करने में असफल विपक्ष अब देश में अराजकता का माहौल बनाकर सत्ता परिवर्तन का प्रयास कर रहा है। बांसुरी स्वराज ने आगामी जन विश्वास यात्रा की जानकारी देते हुए कहा कि यह यात्रा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और भाजपा के प्रति जनविश्वास को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। उन्होंने जानकारी दी कि गढ़वाल क्षेत्र की जन विश्वास यात्रा 25 दिसंबर को उत्तरकाशी के गंगोत्री धाम से प्रारंभ होकर 9 जनवरी 2027 को देहरादून में संपन्न होगी। वहीं कुमाऊं क्षेत्र की यात्रा 27 दिसंबर को चंपावत विधानसभा स्थित गोलू देवता मंदिर से प्रारंभ होकर 7 जनवरी 2027 को हल्द्वानी में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा कुल 2488 किलोमीटर की होगी और इस दौरान 26 जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। श्रीमती स्वराज ने कहा, “यह केवल 2488 किलोमीटर की यात्रा नहीं होगी, बल्कि 2488 अलग-अलग संभावनाओं की यात्रा होगी।”

See also  शहरी विकास विभाग की समीक्षा बैठक में दिए गए अहम निर्देश

उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा का उद्देश्य केवल विधानसभा क्षेत्रों और किलोमीटरों को कवर करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक क्षेत्र में जनता से वन-टू-वन संवाद स्थापित करना, उनकी अपेक्षाओं को समझना और भाजपा के विकास एवं जनसेवा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी अरविंद मेनन ने अपने संबोधन की शुरुआत उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के लोकप्रिय गीत “बेडू पाको बारह मास, काफल पाको चैता” से करते हुए देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत और जनभावनाओं से जुड़ने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के मन में एक ही लक्ष्य होना चाहिए—टीम वर्क के माध्यम से उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनाना। युवा मोर्चा युवाओं तक, महिला मोर्चा महिलाओं तक, किसान मोर्चा किसानों तक और इसी प्रकार प्रत्येक मोर्चा एवं प्रकोष्ठ अपने-अपने सामाजिक वर्गों के बीच सक्रिय भूमिका निभाए।

मेनन ने कहा कि सभी मोर्चों के पदाधिकारी अपने पूर्व पदाधिकारियों को भी सक्रिय करते हुए मंडल और शक्ति केंद्र स्तर तक संगठन को मजबूत करें। उन्होंने “Caring, Sharing और Growing” के सिद्धांत पर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन में आपसी सहयोग, अनुभवों का साझा करना और सामूहिक विकास ही सफलता का आधार है।

See also  देहरादून में अंतरराष्ट्रीय पीयर लर्निंग कार्यशाला

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री अटल आयुष्मान योजना, मुख्यमंत्री सीमांत सड़क योजना, मुख्यमंत्री मछली परियोजना, मुख्यमंत्री घस्यारी योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, पूर्व सैनिकों से जुड़ी योजनाओं और सहकारी योजनाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाई जानी चाहिए।

मेनन ने कहा कि छोटी-छोटी बैठकों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और व्यक्तिगत संवाद के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ना होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रचारित करने और जनता के बीच भाजपा के प्रति विश्वास को और मजबूत करने का आह्वान किया। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुटता और चुनावी संकल्प का संदेश देते हुए कहा कि“एक ही रटन , कमल बटन!” संगठन की ताकत, जनसेवा का संकल्प।