25 March 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

रानीपोखरी में लॉ यूनिवर्सिटी की जमीन का मुद्दा गर्माया, हरक रावत ने सरकार की नीयत पर सवाल उठाए

रानीपोखरी में लॉ यूनिवर्सिटी की जमीन का मुद्दा गर्माया, हरक रावत ने सरकार की नीयत पर सवाल उठाए

प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश की धामी सरकार ऋषिकेश के रानीपोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के लिए आवंटित भूमि को खुर्द-बुर्द करने का काम कर रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. हरक सिह रावत ने कहा कि बीजेपी की ही सरकार में त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुख्यमंत्रित्व काल में ऋषिकेश के रानीपोखरी में नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के नाम पर भूमि आवंटित की गई थी जिस पर लॉ यूनिवर्सिटी का शिलान्यास भी तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा स्थानीय सांसद डॉ0 रमेश पोखरियाल निशंक और शिक्षा मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत की उपस्थिति में हुआ था। उन्होंने कहा कि 7 वर्ष बीत जाने के बाद यूनिवर्सिटी के नाम पर एक ईंट तक नहीं रखी गई उल्टे यूनिवर्सिटी के नाम आवंटित भूमि का टिहरी बांध विस्थापितों के नाम पर खुर्द-बुर्द करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री पद की संवैधानिक गरिमा को ही गिरा दिया है क्योंकि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री के रूप में लॉ यूनिवर्सिटी का शिलान्यास किया गया था। यही नहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने अपनी ही सरकार के शासन के आदेशों का खुला उल्लंघन करते हुए दर्शा दिया है कि भारतीय जनता पार्टी में गुटबाजी चरम पर है तथा वे किसी भी काम का श्रेय दूसरे नेता को नहीं देना चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जिस प्रकार रानीपोखरी में कार्रवाई की जा रही है उससे आने वाले समय में मुख्यमंत्री की घोषणा और शिलान्यास से भी जनता का भरोसा पूरी तरह से उठ जायेगा।

See also  उत्तराखंड में जंगली जानवरों से फसलों को होने वाली नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने जारी किए 25 करोड़ रुपये, सीएम धामी ने जताया आभार

डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि जिस प्रकार भाजपा के राष्ट्रीय नेता चुनावों के समय जुमले बाजी करते हैं उसी प्रकार लोकसभा चुनाव के समय जनता की आंख में धूल झोंकने के लिए तत्कालीन भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने भी लॉ यूनिवर्सिटी बनाने का नाटक किया था और आज स्थानीय जनता को इसके लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस आन्दोलन में स्थानीय जनता के साथ कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और निर्वाचित प्रतिनिधि, प्रधान संगठन के लोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि जनता की जायज मांग को लेकर चलाये जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलन पर जिस प्रकार उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक लाठीचार्ज किया गया तथा आंदोलन में शामिल महिलाओं के साथ अभद्रता की गई वह किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस आम जनता के साथ खडी है तथा कांग्रेस की सरकार बनने पर उसी स्थान पर लॉ यूनिवर्सिटी का निर्माण सुनिश्चित किया जायेगा तथा जनता की यह लडाई कांग्रेस पार्टी लड़ेगी क्योंकि कांग्रेस को पता है कि शिक्षा का क्या महत्व है।

See also  सामाजिक कार्यकर्ता दीप चंद्र पाठक की सीएम धामी को चिट्ठी, पूर्णागिरी मेले के दौरान हो रही दिक्कतें दूर करने की मांग

डॉ. हरक सिह रावत ने ये भी कहा कि धामी सरकार ने न केवल स्थानीय जनता के साथ धोखा किया है अपितु विस्थापित परिवारों के साथ भी धोखा किया है तथा उनकी स्थिति त्रिशंकु की तरह कर दी है जिसका जवाब प्रदेश की जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में जरूर देगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ0 प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, विनोद चौहान, गुल मोहम्मद आदि उपस्थित थे।