14 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

सीएम धामी बोले कांग्रेस के महापाप को जनता माफ नहीं करेगी

सीएम धामी बोले कांग्रेस के महापाप को जनता माफ नहीं करेगी

देहरादून के गांधी पार्क से घंटाघर तक आयोजित महिला आक्रोश मशाल यात्रा में आज प्रदेश भर से आई महिलाओं ने भारी संख्या में सहभागिता कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता और आक्रोश का सशक्त प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यात्रा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की बात करने वाली कांग्रेस ने हमेशा ही अपने व्यवहार से महिलाओं की भावनाओं का उपहास किया है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक जैसे महत्वपूर्ण विषय पर कांग्रेस का रवैया महाभारत के दुर्योधन की मानसिकता जैसा रहा है, जिसने सदैव न्याय और सम्मान का मज़ाक उड़ाया। आज जब देश की महिलाओं को उनका हक दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, तब कांग्रेस का विरोध केवल उनकी महिला विरोधी सोच को उजागर करता है।

See also  आईएमए की पासिंग आउट परेड में दिखा जोश

उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए केवल नारे नहीं देती, बल्कि धरातल पर काम करती है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। लेकिन कांग्रेस ने बार-बार महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे को लागू करने में बाधाएं उत्पन्न कीं और अब जब यह संकल्प साकार होने की दिशा में बढ़ रहा है, तो वह इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने अपने वक्तव्य में कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को वर्षों तक ठंडे बस्ते में डालकर कांग्रेस ने आधी आबादी के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि आज जब महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार देने की दिशा में निर्णायक पहल हो रही है, तब कांग्रेस का विरोध उसकी नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है। दीप्ति रावत ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं अब जागरूक हैं और अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद कर रही हैं, जिसका प्रमाण यह विशाल मशाल यात्रा है।

See also  मानसून से निपटने की तैयारी को लेकर आपदा प्रबंधन विभाग की ट्रेनिंग

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुचि भट्ट ने भी इस अवसर पर कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को वर्षों तक लटकाए रखना कांग्रेस की नीयत पर सवाल खड़ा करता है। आज देश की महिलाएं जाग चुकी हैं और अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठा रही हैं।

यह मशाल यात्रा देहरादून की सड़कों पर नारी शक्ति के अभूतपूर्व एकजुटता का प्रतीक बनी और इसने यह स्पष्ट संदेश दिया कि अब महिलाओं के अधिकारों से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विधायक आशा नौटियाल, विधायक सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, राज्य मंत्री मधु भट्ट , विनोद उनियाल, प्रदेश संगठन महामंत्री अजय कुमार , प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष सुमन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, महिला कार्यकर्ता एवं समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

See also  UKSSSC की परीक्षा को लेकर रुद्रप्रयाग में पुख्ता इंतजाम