22 September 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

जनरल खंडूरी को बीजेपी दफ्तर में दी गई श्रद्धांजलि

जनरल खंडूरी को बीजेपी दफ्तर में दी गई श्रद्धांजलि

भाजपा परिवार ने अपने जनरल को पार्टी प्रदेश मुख्यालय से भावभीनी माहौल में अंतिम विदाई दी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अजय भट्ट, एवं प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री , प्रदेश पदाधिकारी समेत बड़ी संख्य में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ नेता भुवन चंद्र खंडूड़ी के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की।जनरल खंडूरी को बीजेपी दफ्तर में दी गई श्रद्धांजलि

पार्टी मुख्यालय में उन्हें सुबह से ही श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यकर्ताओं एवं प्रशासकों की भीड़ जुटने लगी थी। इस दौरान खंडूरी जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र, फूलमाला एवं पुष्पों से श्रद्धाभाव अर्पित किया गया। साथ ही वहां मौजूद, खंडूरी जी की पुत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूरी, पुत्र श्री मनीष खंडूरी अन्य शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर सभी ने अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान सभी लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की, जिसमें कई वरिष्ठ नेताओं की आंखें भी नम दिखाई दीं। प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, पूर्व सैनिक, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम लोग अपने प्रिय नेता को अंतिम नमन करने पहुंचे। इस दौरान पूरे कार्यालय परिसर में अपने वरिष्ठतम नेता के गम में शोक और संवेदना का वातावरण बना रहा। कार्यालय पहुंचने से पूर्व उनके पार्थिव शरीर को रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। वहीं मुख्यालय में भी सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हाथों में पुष्प लिए नम आंखों से अपने नेता को विदा किया। इस दौरान समूचा कार्यालय परिसर, ‘खंडूड़ी अमर रहें’ के नारों के साथ गूंजता रहा।
अंतिम दर्शन के बाद उनके पार्थिव शरीर को हरिद्वार के खड़खड़ी घाट अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

See also  आईएसबीटी देहरादून को और आधुनिक बनाने की तैयारी, एमडीडीए ने तैयार किया प्लान

दिवंगत खंडूड़ी जी को श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मेजर जनरल खंडूड़ी उत्तराखंड की राजनीति में ईमानदारी, अनुशासन और सादगी के प्रतीक थे। सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता और सुशासन के लिए खंडूड़ी के प्रयास हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने राज्य के विकास, सड़क संपर्क, प्रशासनिक सुधार और जनहित के मुद्दों पर जो कार्य किए, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कहा कि खंडूड़ी का जीवन राष्ट्रसेवा और जनसेवा के प्रति पूर्ण समर्पण का उदाहरण था, जिसे हम सभी अपने अपने जीवन में अमल में लाने का प्रयास करेंगे।

वहीं प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने खंडूड़ी जी के राजनीतिक, सामाजिक और सैन्य योगदान को कार्यकर्ताओं के मध्य याद किया। कहा, राजनीति में स्वच्छ छवि और नैतिक मूल्यों की जो मिसाल उन्होंने पेश की, वह लंबे समय तक याद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और भाजपा संगठन के लिए यह अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनके द्वारा किए कार्य और उनकी जीवनचर्या हमेशा कार्यकर्ताओं को हमेशा प्रेरित करती रहेगी।

See also  सेवा संकल्प अभियान के तहत पिथौरागढ़ में बूट कैंप का आयोजन

अंतिम श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे मंत्रियों, पदाधिकारियों, स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने प्रिय दिवंगत नेता को याद किया। कहा, खंडूड़ी जमीन से जुड़े और सरल व्यक्तित्व के धनी थे। लोगों ने कहा कि उन्होंने हमेशा आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए प्रयास किए।

 

See also  कैंट विधानसभा में कांग्रेस का परिवर्तन संकल्प सम्मेलन, नवीन जोशी ने टिकट के लिए की ओपन दावेदारी
Ad 1