5 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पिथौरागढ़ में पर्यावरण दिवस पर खास कार्यक्रम

पिथौरागढ़ में पर्यावरण दिवस पर खास कार्यक्रम

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग पिथौरागढ़ एवं 130 इको टास्क फोर्स के संयुक्त तत्वावधान में डॉन बॉस्को स्कूल, पिथौरागढ़ में पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर निगम पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रह्लाद कोंडे, प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष सिंह सहित वन विभाग, 130 इको टास्क फोर्स, शिक्षण संस्थान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

See also  पिथौरागढ़ में सुस्त पड़ी फार्मर रजिस्ट्री अभियान की रफ्तार, डीएम ने लगाई फटकार

अपने संबोधन में जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने, अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जल संरक्षण को अपनाने तथा प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी भविष्य में बड़े सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन सकते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण प्रहरी की भूमिका निभाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

See also  CM आवास पर हो रहा ये खास काम

कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण विषयक विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के संरक्षण का संदेश दिया तथा जनपदवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरणीय चुनौतियों, जैव विविधता संरक्षण, जल एवं वन संसाधनों के महत्व तथा सतत विकास की अवधारणा के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।