उत्तराखण्ड में पशुपालकों को दूध का उचित मूल्य दिलाने की मांग को लेकर किसान मंच ने आंदोलन को प्रदेश के प्रत्येक जिले तक फैलाने की घोषणा की है। किसान मंच के प्रदेश अध्यक्ष किसान पुत्र कार्तिक उपाध्याय ने चम्पावत जिले के पशुपालकों द्वारा 25 नवम्बर को दुग्ध संघ कार्यालय में प्रस्तावित तालाबंदी आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि वह स्वयं भी आंदोलन में उपस्थित रहेंगे।
उपाध्याय ने कहा कि किसान मंच पूरे उत्तराखण्ड में गाय के दूध का मूल्य ₹61 प्रति लीटर और भैंस के दूध का मूल्य ₹71 प्रति लीटर करने की मांग कर रहा है। चम्पावत से उठ रही पशुपालकों की आवाज जल्द ही प्रदेश सरकार तक मजबूती से पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि चम्पावत प्रदेश के मुख्यमंत्री की राजनीतिक कर्मभूमि है, इसलिए स्वाभाविक है कि यहां के किसानों और पशुपालकों की समस्याओं पर मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि किसान मंच पूर्व में भी स्थानीय पशुपालकों के साथ आंदोलन करने जा रहा था, लेकिन उस समय दुग्ध संघ के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मांगों के समाधान के लिए समय मांगा था। त्योहारों को देखते हुए पशुपालकों ने उनकी अपील का सम्मान किया और आंदोलन स्थगित कर दिया।
लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी न दुग्ध संघ और न ही प्रशासन पशुपालकों की मांगों पर कोई ठोस समाधान निकाल सका है। ऐसे में बार-बार अतिरिक्त समय मांगना यह दर्शाता है कि दुग्ध संघ के हाथ में निर्णय लेने का अधिकार ही नहीं है।
उपाध्याय ने कहा कि आंदोलन टालने की अपील करने से बेहतर होगा कि दुग्ध संघ पशुपालकों के दूध के दाम बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर प्रभावी प्रयास करे। पशुपालक दिन-रात मेहनत करके दूध का उत्पादन करते हैं, लेकिन बढ़ते पशु आहार, चारे और अन्य खर्चों के अनुपात में उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 25 नवम्बर को दुग्ध संघ कार्यालय में तालाबंदी का निर्णय स्थानीय पशुपालकों का है और किसान मंच उनके इस निर्णय के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
दुग्ध समिति सचिव भी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों – किसान मंच
किसान पुत्र कार्तिक उपाध्याय ने दुग्ध सहकारी समितियों के सचिवों से भी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसान मंच की मांग केवल पशुपालकों तक सीमित नहीं है। संगठन दुग्ध समिति सचिवों की प्रोत्साहन मानदेय राशि ₹2 प्रति लीटर करने की मांग भी कर रहा है।
“पशुपालक और दुग्ध समिति सचिव एक-दूसरे के चूल्हे जलाने में सहयोगी हैं। पशुपालक दूध का उत्पादन करता है और सचिव उसे सहकारी व्यवस्था से जोड़ता है। दोनों के हित एक-दूसरे से जुड़े हैं। इसलिए यह संघर्ष किसी कर्मचारी या सचिव के विरुद्ध नहीं, बल्कि दोनों की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाने के लिए है।”
उपाध्याय ने कहा कि चम्पावत में शुरू हुआ संघर्ष केवल एक जिले तक सीमित नहीं रहेगा। किसान मंच उत्तराखण्ड के प्रत्येक जिले में पशुपालकों को संगठित करेगा और दूध के उचित मूल्य की मांग को प्रदेशव्यापी आंदोलन का रूप देगा।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पशुपालकों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए और दूध खरीद मूल्य बढ़ाने का निर्णय लिया जाए।
“पशुपालक खैरात नहीं, अपनी मेहनत का उचित मूल्य मांग रहा है। किसान मंच पहले भी चम्पावत जिले के पशुपालकों के साथ था, आज भी है और आगे भी रहेगा।”

More Stories
हरिद्वार में बीजेपी की बैठक, धामी ने किया जीत की हैट्रिक लगाने का दावा
भाजपा कार्यसमिति की बैठक मे हर मोर्चे को एक लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
बीजेपी कार्यसमिति की हरिद्वार में बैठक विधानसभा चुनाव जीतने की रणनीति पर मंथन