21 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पिथौरागढ़ में धूमधाम से मनाया गया योग दिवस

पिथौरागढ़ में धूमधाम से मनाया गया योग दिवस

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को जनपद पिथौरागढ़ में विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय सहित सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित योग शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस वर्ष योग दिवस की थीम के अनुरूप लोगों को स्वस्थ, संतुलित एवं तनावमुक्त जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास का संदेश दिया गया।

जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम श्री सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम, पिथौरागढ़ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, सुरक्षा बलों के जवानों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री आशीष कुमार भट्टगाईं ने समस्त जनपदवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली संबंधी बीमारियों, मानसिक तनाव एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए योग एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने और इसे अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

See also  दिसंबर 2028 तक पूरी होगी ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन

जिलाधिकारी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने की एक समग्र जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति का स्वास्थ्य बेहतर होता है, मानसिक एकाग्रता बढ़ती है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से योग को अपनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीमांत क्षेत्र मिलम में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश सरकार के माननीय प्रभारी मंत्री ने प्रतिभाग कर स्थानीय नागरिकों के साथ योगाभ्यास किया। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य देन बताते हुए कहा कि योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

See also  सीएम धामी ने इन कर्मचारियों के खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए रुपये

कार्यक्रम के दौरान जनपद में संचालित “ड्रग्स-फ्री देवभूमि” अभियान के अंतर्गत नशा मुक्त सप्ताह के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई गई। अधिकारियों ने कहा कि योग एवं खेल गतिविधियाँ युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

जनपद के सभी विकासखण्डों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों, सुरक्षा बलों के परिसरों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी योग दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग शिविरों में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। प्रतिभागियों ने योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए नियमित रूप से योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।

See also  सीएम धामी से मिले रेलवे बोर्ड के चेयरमैन

पूरे जनपद में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला तथा लोगों ने योग के माध्यम से स्वस्थ, समृद्ध एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। इस दौरान विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, मेयर कल्पना देवलाल, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, डीएफओ आशुतोष सिंह,सीडीओ डॉ0 दीपक सैनी, आयुष विभाग के अधिकारी समेत विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।