लगातार बढ़ रही महंगाई और त्योहारों के समय घरेलू उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून में डिस्पेंसरी रोड चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार जी, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा जी एवं व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार बांगा ने किया।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्र एवं राज्य सरकार से आम जनता को महंगाई से राहत देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि त्योहारों के समय खाद्य एवं घरेलू जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। चीनी के दाम 70 से 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं, जिससे आम परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। विशेष रूप से घर की रसोई संभालने वाली महिलाओं को बढ़ती महंगाई के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आज आम आदमी महंगाई की मार झेल रहा है। त्योहारों के समय जब परिवारों को खुशियां मनानी चाहिए, उस समय रसोई का बजट लगातार बढ़ता जा रहा है। खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दामों में हो रही वृद्धि ने गरीब, मध्यम वर्ग और मजदूर परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दों को लेकर आवाज उठाती रही है और आगे भी महंगाई के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा। आम जनता को लगातार परेशान करने वाली भाजपा सरकार को इसका जवाब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अपने वोट के माध्यम से देगी।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि महंगाई आज प्रदेश की जनता के सामने सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। सरकार को जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। त्योहारों के दौरान आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ना सरकार की विफलता को दर्शाता है।
विरेंद्र पोखरियाल ने कहा कि कांग्रेस आम जनता, व्यापारियों, महिलाओं, मजदूरों और मध्यम वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को जनहित में महंगाई पर तत्काल नियंत्रण करना चाहिए, अन्यथा जनता आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।
व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार बांगा ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता और व्यापारी दोनों परेशान हैं। त्योहारों के समय खाद्य सामग्री के बढ़ते दाम ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सरकार को महंगाई पर रोक लगानी चाहिए, अन्यथा कांग्रेस जनता की आवाज को लेकर आंदोलन तेज करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी, एवं व्यापारी वर्ग पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, पार्षद निखिल कुमार , दीपा चौहान, सोमप्रकाश वाल्मीकि, प्रियांश चाबड़ा, मुकेश सोनकर, रघु गुप्ता, विजेंद्र चौहान, राम कपूर, रवि फुकैला, शिवांश बिष्ट, चमन लाल, प्रवीण बांगा, राजेंद्र घई, शिव सोनकर, शमशाद आलम, बबलू सहित अनेक व्यापारी एवं स्थानीय जन उपस्थित रहे।

More Stories
माजरी ग्रांट में कांग्रेस ने किया जनसंवाद, चुनाव को लेकर कसरत
एक देश एक चुनाव को लेकर हरिद्वार में संत समागम
शहीद लेफ्टिनेंट हेमंत सिंह महर बिष्ट को जयंती पर पिथौरागढ़ में किया गया नमन