मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के राज्य की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों की बैठक लेकर सड़कवार कार्ययोजना एवं प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं नगर निकायों को सड़क मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा कार्य एक छोर से पूरा करते हुए आगे बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि कहीं भी कार्य अधूरा न रहे। उन्होंने हाल में निर्मित एवं ठेकेदार की उत्तरदायित्व अवधि में आने वाली क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत संबंधित ठेकेदारों से कराने तथा पिछले वर्ष स्वीकृत कार्यों को दोबारा पैच मरम्मत में शामिल न करने को कहा।
उन्होंने रिहायशी क्षेत्रों में झाड़ी कटान, नालियों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। साथ ही, प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने, पूर्ण सड़कों का उपजिलाधिकारियों से निरीक्षण कराने तथा 15 अक्टूबर के बाद गड्ढामुक्त प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने को कहा।
जिलाधिकारी ने जनपद की अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों, पैच एवं पुश्तों को भी अभियान में शामिल करने तथा प्रस्तावित कार्य 20 सितंबर से शुरू कराने के निर्देश दिए। नगर निकायों को सभी वार्डों की गलियों में सड़क के गड्ढों एवं उखड़े हिस्सों की मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने सड़क की समग्र स्थिति को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम एफ.आर. चौहान, संबंधित विभागों के अधिशासी अभियंता एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
18 सितंबर को होगा मुख्यमंत्री विद्यार्थी मंथन का समापन
औली में भारत और अमेरिका के सैनिकों का साझा युद्धाभ्यास
वेदनी के लिए रवाना हुई मां नंदा की जात