26 September 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जयंती पर कांग्रेस ने किया नमन

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जयंती पर कांग्रेस ने किया नमन

पूर्व प्रधानमंत्री एवं महान अर्थशास्त्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह जी की जयंती के अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेसजनों ने डॉ. मनमोहन सिंह जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा देश के विकास में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जी भारतीय राजनीति में सादगी, शालीनता, ईमानदारी, विद्वता और संवेदनशील नेतृत्व के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि एक महान अर्थशास्त्री से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री तक डॉ. मनमोहन सिंह जी ने अपने प्रत्येक दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और गरिमा के साथ किया। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को जयंती पर कांग्रेस ने किया नमन

गोदियाल ने कहा कि वर्ष 1991 में वित्त मंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश को गंभीर आर्थिक संकट से बाहर निकालने के लिए ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों की शुरुआत की। उनके नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली और भारत वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में तेजी से आगे बढ़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी के कार्यकाल में मनरेगा, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून, आधारभूत ढांचे के विस्तार, ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। उनकी सरकार के दौरान भारत ने उच्च आर्थिक विकास दर के दौर को देखा और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई।

See also  ईडी ने 5 घंटे तक की हरीश रावत से पूछताछ, पूर्व सीएम बोले सत्ता के अहंकार और बदले की भावना से हो रही कार्रवाई

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड के विकास में डॉ. मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उत्तराखंड को विशेष केंद्रीय सहायता, केंद्रीय योजनाओं में सहयोग, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास एवं सामाजिक क्षेत्र की योजनाओं के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने में केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि तत्कालीन यूपीए सरकार ने उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य की भौगोलिक एवं आर्थिक चुनौतियों को समझते हुए राज्य के विकास के लिए विशेष सहयोग प्रदान किया। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क एवं संचार व्यवस्था, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा रोजगारपरक योजनाओं को मजबूत करने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए।

See also  मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस, देहरादून में किया सचिवालय कूच

गोदियाल ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जी की कार्यशैली में सत्ता का अहंकार नहीं बल्कि सेवा की भावना थी। वे अपनी विद्वता और उपलब्धियों के बावजूद अत्यंत सरल एवं विनम्र रहे। उन्होंने कभी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को व्यक्तिगत कटुता में परिवर्तित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह जी का जीवन यह संदेश देता है कि राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा का महत्वपूर्ण साधन है। उनके विचार, उनकी आर्थिक समझ और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा देश का मार्गदर्शन करती रहेगी।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में प्रदेश महामंत्री संगठन राजेन्द्र भंडारी, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, महामंत्री अश्विनी बहुगुणा, उपाध्यक्ष सुजाता पॉल, महामंत्री राजेन्द्र शाह, अमरजीत सिंह, सुरेन्द्र रांगड़, प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह, अमेन्द्र बिष्ट, शीशपाल बिष्ट, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, महेंद्र सिंह नेगी, अनुसूचित जाति अध्यक्ष मदन लाल, कार्यकारी अध्यक्ष विनोद कुमार, नितिन बिष्ट, राजीव कुमार, अजय रावत, संग्राम सिंह पुण्डीर, राजीव केशववाल, अरुणा कुमार, भगवती प्रसाद सेमवाल, सोहन लाल रतूड़ी, उपेंद्र थापली, सुनीत राठौर, मंजू त्रिपाठी, बब्बन सती, विजयप्रताप मल्ल, सुशील डोभाल, सुलेमान अली, यशपाल चौहान, अमरदेव गोनियाल, विरेन्द्र पंवार, चन्द्रकला नेगी, पुष्पा पंवार, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, रितेश क्षेत्री, तेलू राम प्रधान, नवीन रमोला, करतार नेगी, सचिन टिचकुले, आदर्श सूद, मदन कोहली, शरीफ बेग, आदि अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल थे।

See also  जनगणना के दूसरे राउंड के लिए चमोली में शुरू हुआ प्रशिक्षण