ऋषिकेश में त्योहारों के सीजन में सीवर कार्य पर रोक लगाने की मांग को लेकर कांग्रेस प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला ने कांग्रेस जनों के साथ एसडीएम को सौंपा ज्ञापन । त्योहारों के सीजन को देखते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला ने ऋषिकेश नगर की सड़कों पर चल रहे सीवर कार्यों को तत्काल प्रभाव से रोकने तथा अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने एसडीएम ऋषिकेश को ज्ञापन सौंपकर जनहित में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा ।

ज्ञापन में जानकारी देते हुए जयेंद्र रमोला ने कहा कि लगभग एक वर्ष पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़कों पर सीवर पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। कार्यदायी संस्था द्वारा सड़कों को खोदने के बाद सही तरीके से मरम्मत नहीं की जा रही है, जिसके कारण आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त होने से लोग चोटिल भी हो रहे हैं।
रमोला ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों की खुदाई और अधूरे निर्माण कार्यों के कारण व्यापारियों के कारोबार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पहले से ही ऑनलाइन खरीदारी और महंगाई के चलते व्यापारियों को चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं त्योहारों के समय सड़कों की बदहाल स्थिति उनकी मुश्किलें और बढ़ा सकती है।
अधूरे कार्यों से दुर्घटनाओं का ख़तरा बना है ।
प्रदेश सचिव राकेश सिंह व पार्षद भगवान सिंह पंवार ने कहा कि नगर की कई सड़कों पर खुदाई के बाद गड्ढों को ठीक से नहीं भरा गया है और कई स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे आम नागरिकों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। विशेषकर बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ऐसी स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है।
कांग्रेस जनों ने प्रशासन से मांग की कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे सीवर कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। जिन स्थानों पर कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और व्यापारियों को अपने व्यवसाय में अनावश्यक नुकसान न उठाना पड़े। त्योहारों के दौरान जनता की सुविधा, सुरक्षा और व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने हेतु महानगर संगठन महासचिव ब्रजभूषण बहुगुणा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा मिश्रा, कांग्रेस अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष सूरत कोहली, वरिष्ठ नेता संतोष कुकरेती, गौरव यादव (गोल्डी), युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा, महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु कश्यप, एडवोकेट कमलेश कुमार आदि कांग्रेसजन उपस्थित रहे ।

More Stories
कारगी डंपिंग जोन की बदहाल व्यवस्था पर ज्योति रौतेला ने उठाए सवाल, देहरादून नगर निगम और जिला प्रशासन को घेरा
बागेश्वर में सीएम धामी ने किया बाल विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ
मुख्य सचिव ने किया सेब महोत्सव का शुभारंभ