हिमालय की दिव्य एवं सुरम्य वादियों में स्थित ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में मौसम साफ होने के साथ ही बाबा के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला निरन्तर जारी है। वर्ष 2026 की श्री केदारनाथ धाम यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर अग्रसर है, लेकिन यात्रा के इस अंतिम चरण में भी श्रद्धालुओं की अटूट आस्था, भक्ति और उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है। देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचकर बाबा केदारनाथ के दर्शन कर रहे हैं और स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।

धाम में मौसम साफ रहने से श्रद्धालुओं को दर्शन करने के साथ ही हिमालय की बर्फ से आच्छादित चोटियों, मनमोहक प्राकृतिक दृश्यों एवं आध्यात्मिक वातावरण का आनन्द लेने का अवसर मिल रहा है। मंदिर परिसर में बाबा केदारनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। कठिन पहाड़ी रास्तों और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालु पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।श्रद्धालु पैदल मार्ग, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी एवं हैलीकॉप्टर सेवाओं के माध्यम से श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर रहे हैं। यात्रा के अंतिम दिनों में भी धाम में श्रद्धालुओं की निरन्तर आवाजाही बनी हुई है।
11 नवम्बर को शीतकाल के लिए बन्द होंगे बाबा केदारनाथ के कपाट – वर्ष 2026 की श्री केदारनाथ धाम यात्रा अब अपने समापन की ओर बढ़ रही है। आगामी 11 नवम्बर 2026 को बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बन्द कर दिए जाएंगे। यात्रा समाप्त होने में अब मात्र 8 दिन शेष रह गए हैं। इस वर्ष अब तक कुल 18,91,500 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की यह संख्या बाबा केदारनाथ के प्रति देश-विदेश के भक्तों की अटूट आस्था एवं श्रद्धा को दर्शाती है।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए प्रशासन व पुलिस मुस्तैद – श्री केदारनाथ धाम पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। श्रद्धालुओं के ठहरने, खान-पान, स्वच्छ पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का समुचित प्रबन्ध किया गया है। वहीं रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए यात्रा मार्ग एवं धाम में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबन्धन, यातायात नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए निरन्तर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस बल पूरी तत्परता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है, ताकि देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से बाबा केदारनाथ के दर्शन कर सकें।
रुद्रप्रयाग पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील – धाम में लगातार बढ़ती ठंड एवं बर्फबारी की सम्भावनाओं को देखते हुए श्रद्धालु पर्याप्त गर्म कपड़े, आवश्यक दवाइयां एवं अन्य जरूरी सामग्री अपने साथ रखें। यात्रा पर निकलने से पूर्व मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा अपनी शारीरिक क्षमता एवं मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें। पैदल मार्ग पर सतर्कता बरतें और पुलिस एवं प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

More Stories
20 सूत्रीय कार्यक्रम को लेकर पिथौरागढ़ में समीक्षा बैठक
पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में व्यवस्था दुरुस्त करने का डीएम ने दिया निर्देश
मारपीट एवं जानलेवा हमला करने के अभियोग में एक अभियुक्त गिरफ्तार