विगत देर सायं जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ एवं बेस चिकित्सालय के सुचारू संचालन तथा छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों एवं आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज एवं बेस चिकित्सालय परिसर में व्याप्त विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं के निराकरण को लेकर कैम्प कार्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए.के. सिंह सहित जनपद के संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए. के. सिंह ने जिलाधिकारी को संस्थान एवं बेस चिकित्सालय परिसर में वर्तमान में व्याप्त विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके शीघ्र निराकरण का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डॉ ए के सिंह ने अवगत कराया कि पूर्व में ही लोक निर्माण विभाग द्वारा दिया गया वैकल्पिक सड़क निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया जा चुका है। जो मेडिकल कॉलेज परिसर के निकट निवासरत ग्रामीणों के आवागमन हेतु अत्यंत आवश्यक है और मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ होने के दृष्टिगत राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के निर्धारित मानकों, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं संस्थान की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली को बनाए रखने के लिए वैकल्पिक सड़क का निर्माण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराते हुए इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज परिसर में विद्युत आपूर्ति की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु विद्युत विभाग के अधिकारियों को विद्युत संयोजन एवं इससे संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत आपूर्ति की कमी के कारण मेडिकल कॉलेज के संचालन एवं शैक्षणिक गतिविधियों पर किसी भी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।
बैठक के दौरान मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. ए. के. सिंह ने बेस चिकित्सालय एवं आवासीय परिसर में पेयजल की नियमित एवं पर्याप्त पूर्ति हेतु जिलाधिकारी से अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारियों को चिकित्सालय, चिकित्सक हॉस्टल एवं राजकीय आवासीय परिसर में नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ से बेस चिकित्सालय तक जाने वाले मार्ग के सुधारीकरण कार्य को आवश्यक बताते हुए संबंधित विभाग को सड़क की मरम्मत एवं सुधारीकरण शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि के समय मरीजों, तीमारदारों एवं अन्य लोगों के आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए उक्त मार्ग पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ़ (चंडाक) एवं बेस चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए सूखे कूड़े का नियमित उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए नगर आयुक्त, नगर निगम पिथौरागढ़ को दोनों परिसरों से प्रतिदिन कूड़ा उठान हेतु वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परिसर में स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बना रहे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज एवं बेस चिकित्सालय से जुड़ी इन समस्याओं का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज का सुचारू संचालन, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा तथा चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करें।

More Stories
20 सूत्रीय कार्यक्रम को लेकर पिथौरागढ़ में समीक्षा बैठक
मारपीट एवं जानलेवा हमला करने के अभियोग में एक अभियुक्त गिरफ्तार
अंतिम पड़ाव पर केदारनाथ यात्रा, भक्तों का उमड़ रहा सैलाब