धारचूला के दांतू गांव का भ्रमण करने के बाद लोक निर्माण एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज देर शाम मुनस्यारी पहुंचे। शुक्रवार सुबह उन्होंने पत्रकार वार्ता कर क्षेत्र में पर्यटन विकास, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं की जानकारी दी।
मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि मुनस्यारी पर्यटन की दृष्टि से तेजी से उभर रहा है। यहां अनियोजित (अनऑर्गेनाइज्ड) पर्यटन को सुनियोजित एवं व्यवस्थित (ऑर्गेनाइज्ड) तरीके से विकसित करने की आवश्यकता है, ताकि पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और स्थानीय लोगों को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार इस दिशा में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सी-बकथॉर्न के उत्पादन एवं प्रसंस्करण को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर संबंधित विभागों से चर्चा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में सी-बकथॉर्न की अपार संभावनाएं हैं, जिससे स्थानीय किसानों एवं ग्रामीणों की आजीविका को मजबूत किया जा सकता है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आदि कैलाश यात्रा एवं सीमांत क्षेत्रों के विकास को लेकर विशेष लगाव है। इसी क्रम में व्यास वैली में महर्षि वेदव्यास की मूर्ति स्थापित करने तथा कुटी गांव में पांडवों से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों को विकसित करने की योजना पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने मुनस्यारी को पर्यटन की दृष्टि से बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए मिलम-जोहाड़ क्षेत्र को जोशीमठ से जोड़ने की संभावनाओं पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर स्थानीय लोगो द्वारा थामरी कुंड ट्रेक पर हट्स निर्माण, बेटूलीधार में स्कीइंग स्थल के विकास तथा स्थानीय युवाओं को गाइड प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की मांग रखी और मल्ला जोहार क्षेत्र के सुमतु से बृजगंगा तक ट्रेक रूट विकसित करने सहित क्षेत्र की विभिन्न पर्यटन संबंधी मांगें मंत्री के समक्ष रखीं।
इसके पश्चात मंत्री सतपाल महाराज ने डाडाधार स्थित नंदा देवी मंदिर एवं ट्राइबल हेरिटेज म्यूजियम का भ्रमण कर क्षेत्र की सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत का अवलोकन किया।

More Stories
मुख्यमंत्री एवं भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे मंत्रियों के खिलाफ महानगर कांग्रेस का राजपुर विधानसभा में हस्ताक्षर अभियान, गांधी पार्क में उमड़ा जनसमर्थन
अग्निपथ योजना समाप्त कर सेना में नियमित भर्ती बहाल करे केंद्र सरकार : कर्नल राम रतन नेगी
डीएम पिथौरागढ़ ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण, दिए अहम निर्देश