24 November 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

महंत दिलीप रावत पर गणेश गोदियाल का पलटवार

महंत दिलीप रावत पर गणेश गोदियाल का पलटवार

उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने लैंसडाउन विधायक दिलीप रावत के अंकिता भंडारी प्रकरण में दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनके बयान से ऐसा प्रतीत होता है मानो भाजपा सरकार ने अंकिता भंडारी के माता-पिता को जो आर्थिक सहायता दी थी, वह उनकी आवाज दबाने और उन्हें न्याय की मांग करने से रोकने की कीमत के तौर पर दी गई थी।महंत दिलीप रावत पर गणेश गोदियाल का पलटवार

गोदियाल ने कहा कि आज जब अंकिता भंडारी के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए लगातार आवाज उठा रहे हैं, न्याय की गुहार लगा रहे हैं और सरकार से सवाल पूछ रहे हैं, तो भाजपा नेताओं को उनका यह संघर्ष और उनकी आवाज नागवार गुजर रही है। ऐसा लगता है कि भाजपा चाहती है कि आर्थिक सहायता मिलने के बाद अंकिता के माता-पिता चुपचाप बैठ जाएं और अपनी बेटी के न्याय की मांग करना छोड़ दें।

See also  AICCTU ने देहरादून में किया प्रदर्शन, श्रमिकों को हक दिलाने की उठाई मांग

उन्होंने दिलीप रावत को चुनौती देते हुए कहा कि वे पहले यह स्पष्ट करें कि भाजपा सरकार ने अंकिता भंडारी के परिवार को कुल कितनी आर्थिक सहायता दी थी। कांग्रेस पार्टी वह पूरी धनराशि सरकार को वापस लौटाने के लिए तैयार है। लेकिन क्या भाजपा सरकार यह गारंटी दे सकती है कि इसके बाद अंकिता के माता-पिता को अपनी बेटी के लिए न्याय मांगने से नहीं रोका जाएगा? क्या आर्थिक सहायता किसी परिवार के न्याय मांगने के अधिकार को खरीदने का माध्यम हो सकती है?

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अंकिता भंडारी का मामला किसी आर्थिक सहायता या मुआवजे से समाप्त होने वाला मामला नहीं है। यह एक बेटी की अस्मिता, उसके सम्मान और उसे न्याय दिलाने का सवाल है। माता-पिता का अपनी बेटी के लिए न्याय मांगना उनका संवैधानिक और नैतिक अधिकार है। भाजपा को इस अधिकार पर सवाल उठाने के बजाय उन सवालों के जवाब देने चाहिए जो आज भी अंकिता भंडारी प्रकरण में प्रदेश की जनता पूछ रही है।

See also  सीएम धामी ने श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का उद्घाटन किया

दिलीप रावत द्वारा धारी देवी की कसम और चरित्र प्रमाण पत्र संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए गोदियाल ने कहा कि मैं न तो कोई चरित्र प्रमाण पत्र बांटने का कार्यालय चलाता हूं और न ही इस पद पर अधिकृत हूं कि किसी को धारी देवी की कसम खिलाकर चरित्रवान घोषित कर दूं। मैं हरक सिंह रावत को भी चरित्र प्रमाण पत्र देने के लिए अधिकृत नहीं हूं और न ही दिलीप रावत को। किसी व्यक्ति के चरित्र का आकलन उसके बयानों, आचरण और सार्वजनिक जीवन में उसकी भूमिका से होता है, न कि राजनीतिक मंचों से ली गई कसमों से।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं को धार्मिक आस्था और देवी-देवताओं के नाम का राजनीतिक इस्तेमाल करने के बजाय अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के सवाल पर अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए। धारी देवी के नाम की कसमें खाने से न किसी के सवाल खत्म होते हैं और न ही किसी प्रकरण की सच्चाई बदलती है।

See also  बीजेपी प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक

गोदियाल ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की लड़ाई किसी राजनीतिक बयानबाजी से कमजोर नहीं होने वाली। भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि उत्तराखंड की जनता इस प्रकरण को भूली नहीं है और जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलता, तब तक सवाल पूछे जाते रहेंगे। किसी बेटी के न्याय की आवाज को आर्थिक सहायता के नाम पर दबाया नहीं जा सकता।