30 September 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में सरकारी दबाव का आरोप, कांग्रेस ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर उठाए सवाल

डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में सरकारी दबाव का आरोप, कांग्रेस ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर उठाए सवाल

देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान उत्पन्न परिस्थितियों एवं चुनाव प्रक्रिया को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, राजीव भवन, देहरादून में समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल के नेतृत्व में आयोजित की गई। डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में सरकारी दबाव का आरोप, कांग्रेस ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर उठाए सवाल

बैठक में डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के दौरान घटित घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के अध्यक्ष श्री वीरेंद्र पोखरियाल ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव जैसे लोकतांत्रिक एवं महत्वपूर्ण मंच पर जिस प्रकार प्रशासन पर दबाव बनाए जाने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किए जाने के आरोप सामने आए हैं, वे अत्यंत गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव युवाओं को लोकतंत्र की मूल भावना से जोड़ने का माध्यम हैं, इसलिए चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और दबावमुक्त होना आवश्यक है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा प्रशासनिक तंत्र का इस्तेमाल कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि सत्ता के प्रभाव, धनबल अथवा प्रशासनिक दबाव के माध्यम से चुनाव परिणामों को प्रभावित करने की प्रवृत्ति लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं के लिए उचित नहीं है।

See also  मुख्य सचिव ने की मुख्यमंत्री की घोषणाओं की समीक्षा

पोखरियाल ने कहा कि चुनाव की मतगणना के दौरान भी जिस प्रकार की घटना सामने आईं और कथित रूप से भाजपा के एबीवीपी छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा मतगणना स्थल पर अव्यवस्था उत्पन्न की गई, उसके बावजूद प्रशासन द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने के आरोप गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी पक्ष द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि समन्वय समिति पूरे प्रकरण के सभी पहलुओं का अध्ययन कर रही है तथा वरिष्ठ अधिवक्ताओं से भी कानूनी राय ली जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल के निर्देश प्राप्त होने के बाद इस मामले में आगे की रणनीति तय की जाएगी।

See also  अलग अलग जगहों पर फंसे 137 में से 40 ट्रैकर्स को रेस्क्यू किया गया, कर फिर चलेगा अभियान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ली पूरी रिपोर्ट

पोखरियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों द्वारा यदि लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनावी प्रक्रियाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया जाता है तो कांग्रेस उसका लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से विरोध करेगी।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि डीएवी पीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव से जुड़े पूरे प्रकरण को कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में समन्वय समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने छात्रसंघ चुनाव से जुड़े घटनाक्रम, मतगणना प्रक्रिया, प्रशासन की भूमिका तथा आगे की कानूनी एवं लोकतांत्रिक कार्रवाई को लेकर विचार-विमर्श किया।

See also  प्राचीन जल विरासत को संभालने की कवायद जारी

बैठक में समन्वय समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र पोखरियाल, पूर्व विधायक राजकुमार प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कुलदीप कोहली, पूर्व अध्यक्ष विजय प्रताप मल, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष महिपाल शाह, छात्र संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश सती, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, पूर्व अध्यक्ष संग्राम सिंह पुंडीर, पूर्व अध्यक्ष पंकज छेत्री, मोहन काला, प्रशांत खंडूरी,नितिन चंचल,रितेश छेत्री,दीवान सिंह बिष्ट,आशीष देसाई, नितिन रावत, पीयूष जोशी, सुमित खन्ना नवीन रमोला,आशीष कुमार, सूरज छेत्री, स्वाति नेगी, डॉ प्रतिमा सिंह, सुमित राज थापा, संजय थापा आदि उपस्थित रहे।