बागेश्वर के कोतवाली बैजनाथ क्षेत्र के ग्राम नरग्वाड़ी में 1 नवंबर की शाम एक बुजुर्ग दंपति की कथित तौर पर उनके भतीजे ने लोहे की राड से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए 52 वर्षीय आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया को 2 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल हुआ खून से सना लोहे की राड भी बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिलने पर बैजनाथ पुलिस मौके पर पहुंची, जहां 70 वर्षीय पूरन चंद्र खोलिया और 62 वर्षीय उनकी पत्नी भगवती देवी गंभीर रूप से घायल मिले। गांव वालों की मदद से दोनों को सीएचसी बैजनाथ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देश पर घटनास्थल का फोरेंसिक टीम द्वारा निरीक्षण कराया गया और क्षेत्राधिकारी बागेश्वर के पर्यवेक्षण में कई पुलिस टीमें गठित की गईं। रातभर छानबीन और मुखबिरों से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पूर्व से चली आ रही रंजिश के कारण हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास से जुड़ा एक मामला दर्ज है। आरोपी और बरामद हथियार को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

More Stories
खटीमा में सीएम धामी ने सुनीं लोगों की समस्याएं
अवैध निर्माण पर एमडीडीए का कड़ा रुख, आज फिर लिया बड़ा एक्शन
जनसुनवाई में सड़क, पेयजल एवं वन भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश