जिलाधिकारी पिथौरागढ़ के निर्देशों के क्रम में जनपद में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने तथा स्कूली बच्चों एवं आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। एआरटीओ प्रवर्तन पिथौरागढ़ श्री शिवांश कांडपाल तथा प्रवर्तन अधिकारी श्री खष्टी वल्लभ जोशी के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं प्रमुख मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया गया।

अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, निजी (प्राइवेट) पंजीकरण वाले वाहनों का अवैध रूप से स्कूल वैन के रूप में संचालन, फिटनेस, परमिट, बीमा, टैक्स तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 4 वाहनों को तत्काल प्रभाव से सीज किया गया, जबकि विभिन्न धाराओं में कई वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान कुछ निजी पंजीकरण वाले वाहन स्कूली बच्चों का परिवहन करते पाए गए। ऐसे वाहनों का विद्यालयी परिवहन में उपयोग मोटर वाहन अधिनियम एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों के विपरीत है। विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों के परिवहन के लिए केवल वैध परमिट एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहन ही संचालित किए जा सकते हैं।
एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने बताया कि इस अभियान से पूर्व परिवहन विभाग द्वारा समस्त विद्यालय प्रबंधनों के साथ दो चरणों में बैठक आयोजित कर विद्यालय परिवहन से संबंधित नियमों, सुरक्षा मानकों एवं मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई थी। बैठकों में स्पष्ट रूप से चेतावनी भी दी गई थी कि निजी वाहनों का स्कूल वैन के रूप में संचालन, ओवरलोडिंग अथवा अन्य किसी भी प्रकार का नियम उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों एवं विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग द्वारा नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को बैठाकर ओवरलोडिंग की जा रही थी, जो सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर विषय है। ऐसे सभी मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की गई।
कांडपाल ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, वाहन संचालकों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे केवल वैध अभिलेखों एवं निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहनों का ही उपयोग सुनिश्चित करें।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित विद्यालय परिवहन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारी तेज, परवादून कांग्रेस की अहम बैठक, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य मौजूद रहे
मुख्य सचिव ने शहरी विकास विभाग के कार्यों की जानकारी ली