21 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

कांग्रेस ने 2 पूर्व उम्मीदवार किए बाहर

कांग्रेस ने 2 पूर्व उम्मीदवार किए बाहर

उत्तराखंड कांग्रेस में भगदड़ का सिलसिला जारी है। चुनावी मौसम में दलबदल की बाढ़ आई है। कई नेता पार्टी छोड़ चुके हैं, कई छोड़ने वाले हैं और कई नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते बाहर निकाला जा रहा है। पौड़ी में भी तीन नेताओं को बर्खास्त किया गया है। चौबट्टाखाल सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़े केशर सिंह नेगी, पौड़ी विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार रहे नवल किशोर को 6 साल के लिए निष्कासित किया गया है। इसके अलावा पौड़ी के ब्लॉक प्रमुख दीपक खुगशाल को भी कांग्रेस ने निष्कासित कर दिया है। पौड़ी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने इसे लेकर चिट्टी भी जारी कर दी है। निष्कासित किए गए तीनों नेताओं पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। साथ ही पार्टी की बैठकों में कहने के बाद भी शामिल ना होने का भी आरोप है। हालांकि नवल किशोर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कांग्रेस छोड़ने से जुड़ी पोस्ट शेयर की है। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस में आ रही इस्तीफों की बाढ़ को लेकर पार्टी के सामने चुनौती बढ़ गई है। साथ ही सवाल ये भी उठ रहे हैं कि कहीं ये सब किसी सियासी साजिश का हिस्सा तो नहीं है? क्योंकि जिस तरह लगातार कांग्रेसी पार्टी छोड़कर बीजेपी में जा रहे हैं उससे राजनीतिक तौर पर कई मायने निकाले जा रहे हैं? कांग्रेस में अभी कुछ बड़े नेताओं के पार्टी छोड़ने की अटकलें भी हैं, पार्टी के भीतर ऐसा क्यों हो रहा है और किसके इशारे पर हो रहा है अब इसे लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। चुनाव से ठीक पहले ये सिलसिला शुरू हुआ और अब आचार संहिता लगते ही दलबदल तेज है, फिलहाल इस बात को लेकर अभी इंतजार है कि कितने बड़े नेता और कब कांग्रेस से किनारा करेंगे।

See also  रुद्रप्रयाग कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने चलाया तलाशी अभियान

अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं- मथुरा दत्त जोशी

कांग्रेस में मची भगदड़ और पार्टी की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन और प्रशासन मथुरा दत्त जोशी ने साफ किया है कि कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है और यहां हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है। मगर पार्टी में अनुशासनहीनता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जोशी ने बताया कि जो भी पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होगा उसके खिलाफ कड़ा एक्शन लिया जाएगा चाहे वो कितना ही बड़ा नेता क्यों ना हो। मथुरा दत्त जोशी ने ये भी कहा कि जो लोग जा रहे हैं ये उनका अपना फैसला है लेकिन कांग्रेस में रहकर पार्टी को कमजोर करने वाले ब्लैक शीप के खिलाफ कार्रवाई करने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। मथुरा दत्त जोशी ने संगठन में भ्रम फैलाने वाले और अफवाह फैलाने वालों पर भी नज़र रखी जा रही है और सबकुछ आलाकमान के भी संज्ञान में है। जोशी ने बताया कि संगठन का पूरा फोकस फिलहाल लोकसभा चुनाव पर है और उम्मीदवारों के साथ पार्टी पूरी ताकत के साथ खड़ी है लेकिन जो लोग पार्टी को कमजोर करने का साजिश रच रहे हैं उन पर भी बराबर निगरानी रखी जा रही है। मथुरा दत्त जोशी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में काम करने और बीजेपी को हराने की अपील भी की है।