जनपद पिथौरागढ़ में केंद्र पोषित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समग्र विकास कार्यों की समीक्षा हेतु जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अजय टम्टा, राज्य मंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, भारत सरकार एवं क्षेत्रीय सांसद द्वारा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने माननीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए जनपद में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।
मंत्री अजय टम्टा ने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता एवं प्रभावशीलता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मडुवा, लाल धान सहित स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) फेज-3 के अंतर्गत लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने तथा पेयजल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर हर घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी संतोष नबियाल से जनपद में उपलब्ध डॉक्टरों, नर्सों, दवाइयों एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति के बारे में जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत से जनपद के विद्यालयों की व्यवस्थाओं, शिक्षकों की उपलब्धता एवं शैक्षिक गुणवत्ता के संबंध में जानकारी लेते हुए शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए माननीय मंत्री ने शिक्षकों के नियमित प्रशिक्षण, क्षमता विकास एवं प्रेरणा कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए
सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु सेप्टिक टैंक एवं खुले आउटलेट का सर्वे कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए नई गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करने तथा वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत चयनित गांवों में कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। विद्युत विभाग को जनपद के सभी शेष तोकों तक शीघ्र विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग एवं उद्यान विभाग को तारबाड़, घास कटर एवं पावर वीडर जैसे उपकरणों को बढ़ावा देने तथा महिला किसानों को विशेष लाभ देने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को बद्री गाय एवं रेड सिंधी नस्ल के संवर्धन हेतु वैज्ञानिक पद्धति अपनाने को कहा गया।
सड़क कनेक्टिविटी की समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों में भू-धंसाव के स्थायी समाधान हेतु समन्वित कार्यवाही करने, वर्षाकाल से पूर्व सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण करने तथा वैकल्पिक मार्गों के सर्वेक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु थर्ड पार्टी निरीक्षण पर बल दिया गया तथा जल स्रोतों के संरक्षण के लिए ‘सारा’ योजना के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
बैठक में विभिन्न सड़क परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई—
पांखू–चौसाला–नीलणा मोटर मार्ग के 29 किमी हिस्से में डामरीकरण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष 2 किमी कार्य मौसम अनुकूल होने पर मई 2026 तक पूर्ण किया जाएगा।
क्षेत्र पंचायत कनालीछीना के अंतर्गत विधायक निधि से निर्मित 12 सड़कों में से 11 सड़कों को PMGSY में शामिल किया जा चुका है, जिनका मानकों के अनुसार सर्वे एवं सुधार कार्य कराया जाएगा।
देवीछओना–जमतड़ी मोटर मार्ग पर स्लाइडिंग एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत का कार्य प्रगति पर है, जिसे मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐंचोली–बजेटी मोटर मार्ग पर लगभग 8 किमी तक भरान कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि निविदा विवाद के कारण मामला उच्च न्यायालय में लंबित है।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर सभी कमियों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
सड़क अवसंरचना को लेकर प्रमुख निर्णय-
सड़क निर्माण से संबंधित लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु माननीय न्यायालय को अनुरोध पत्र भेजने का निर्णय लिया गया।
निर्माण एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों की बैठकों में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
BRO, NH, PWD, RWD एवं PMGSY के अंतर्गत कार्यरत सभी ठेकेदारों की विस्तृत सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी को निर्देशित किया गया कि ठेकेदारों के साथ बैठक कर सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता बेहतर सड़क कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित पक्षों की जवाबदेही तय की जाएगी।
अंत में अजय टम्टा ने आगामी आदि कैलाश यात्रा की व्यवस्थाओं के संबंध में जिला पर्यटन विकास अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि यह यात्रा जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होते हैं।
मंत्री ने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि एक सुदृढ़ एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर आदि कैलाश यात्रा को व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां समय से सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल, ब्लॉक प्रमुख कनालीछीना महिमन कन्याल, ब्लॉक प्रमुख मुनस्यारी डॉ कविता जगत महर, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


More Stories
मुख्य सचिव ने वन विभाग से जुड़ी अहम बैठक ली
सीएम धामी ने मसूरी रोड पर बन रहे पुल का निरीक्षण किया
स्पोर्ट्स कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू