जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने आज लोक निर्माण विभाग विद्युत यांत्रिक खंड कार्यालय, पिथौरागढ़ का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में समुचित साफ-सफाई का अभाव तथा कार्यालय अभिलेखों एवं सामग्री के अव्यवस्थित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्टाफ उपस्थिति पंजिका एवं फील्ड स्तरीय कार्मिकों के मूवमेंट रजिस्टर का भी अवलोकन किया। अभिलेखों के परीक्षण में पाया गया कि कुछ कार्मिक बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित थे। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुपस्थित कार्मिकों को तत्काल स्पष्टीकरण जारी करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि कार्यालयों में अनुशासन, स्वच्छता एवं कार्यकुशलता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शासकीय कार्यालयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि निकट भविष्य में कार्यालय का पुनः औचक निरीक्षण किया जाएगा। यदि निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं पाया गया अथवा अनियमितताओं की पुनरावृत्ति मिली, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

More Stories
वोटर लिस्ट से लोगों के नाम हटाए जाने पर भड़के यशपाल आर्य, मुख्य निर्वाचन अधिकारी को लिखा पत्र, निष्पक्ष जांच की मांग
SIR को लेकर पिथौरागढ़ में प्रशासन एक्टिव, डीएम ने लिया जायजा, चुनाव आयोग के नियमों का पालन करने के निर्देश
परवादून जिला कांग्रेस ने SIR के लिए 10 सदस्यीय समिति का गठन किया