श्री बदरीनाथ धाम में रविवार को भगवान नर-नारायण की दो दिवसीय जयंती का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ शुरू हुआ। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की मौजूदगी में रावल अमरनाथ नंबूदरी ने भगवान नर-नारायण की उत्सव मूर्ति को देवडोली में विराजमान कर माता मूर्ति मंदिर के लिए रवाना किया। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और अभिषेक किया गया।

माता मूर्ति मंदिर पहुंचने पर महिला मंडल माणा ने पुष्पवर्षा कर भगवान की डोली का स्वागत किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान नर-नारायण के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। पूजा के बाद शाम को देवडोली वापस बदरीनाथ धाम पहुंची। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान नर और नारायण सतयुग से ही बदरीनाथ धाम में तपस्यारत हैं और उन्हें भगवान विष्णु का स्वरूप माना जाता है। बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि सोमवार को भगवान नर-नारायण बदरीविशाल के जन्मस्थल लीला ढूंगी पहुंचेंगे। यहां विशेष पूजा-अर्चना और अभिषेक होगा। इससे पहले भगवान बामणी गांव सहित बदरीनाथ धाम का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे।

More Stories
डीएम चमोली ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की
जल संसाधनों के टिकाऊ प्रबंधन को लेकर देहरादून में मंथन
वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम को लेकर मुख्य सचिव की बैठक