8 September 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

गढ़वाल कमिश्नर चमोली में किया कई विभागों का औचक निरीक्षण

गढ़वाल कमिश्नर चमोली में किया कई विभागों का औचक निरीक्षण

आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप ने आज जिला कार्यालय गोपेश्वर के विभिन्न प्रमुख अनुभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायिक अनुभाग, राजस्व अनुभाग, संग्रह अनुभाग, भूलेख अनुभाग, नजारत अनुभाग, मालखाना, स्टोर कक्ष एवं संग्रहालय का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की प्रगति और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। गढ़वाल कमिश्नर चमोली में किया कई विभागों का औचक निरीक्षण

न्यायिक अनुभाग के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पटल पर लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए पुराने प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाइसेंसों के सत्यापन तथा शस्त्र लाइसेंस से संबंधित प्रकरणों की भी जानकारी ली और पेंडेंसी को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।

See also  पिथौरागढ़ में डीएम का जनता दरबार, सामने आईं 18 शिकायतें

राजस्व अनुभाग के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर प्रकरण लंबित न रहें तथा पत्रावलियों के डिस्पैच में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

संग्रह अनुभाग में उन्होंने भू-राजस्व जमा एवं वसूली की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि भू-राजस्व वसूली से संबंधित रिपोर्ट दस्तावेजों के आधार पर तैयार हो तथा रिपोर्ट में दर्ज आंकड़ों का संबंधित अभिलेखों से विधिवत सत्यापन एवं मिलान सुनिश्चित किया जाए।

भूलेख अनुभाग, नजारत अनुभाग एवं स्टोर कक्ष के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, कार्यालय व्यवस्थाओं एवं साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने स्टोर एवं अन्य कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई की व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

See also  उत्तराखंड में अब 3 अक्टूबर को जारी होगी फाइनल वोटर लिस्ट

आयुक्त ने मालखाने एवं जिला संग्रहालय का भी निरीक्षण किया तथा वहां अभिलेखों, सामग्री एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अभिलेखों एवं सामग्री के सुरक्षित और व्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए।

इसके पश्चात आयुक्त श्री आनन्द स्वरूप ने जिला आपदा परिचालन केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा की स्थिति में सूचना संकलन, त्वरित संचार एवं समन्वय से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आपदा के दौरान सभी संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

See also  सर्राफ मंडल देहरादून की प्रदर्शनी में शामिल हुए सीएम धामी