8 September 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पौड़ी में जनता दरबार, डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं

पौड़ी में जनता दरबार, डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं

जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 20 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण करने तथा कार्रवाई की आख्या जिला कार्यालय के साथ संबंधित शिकायतकर्ता को सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनी रहे। पौड़ी में जनता दरबार, डीएम ने सुनीं लोगों की समस्याएं

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्धारित समय में निस्तारण के निर्देश दिए। वीसी में शामिल न होने वाले अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

 

ग्रामसभा थली दान्दली की पेयजल शिकायत पर अधिशासी अभियंता जल संस्थान को अगले दिन जेई को मौके पर भेजकर ग्रामीणों की उपस्थिति में निरीक्षण एवं समाधान के निर्देश दिए। ग्राम सिरसू, दुगड्डा निवासी त्रिलोक सिंह की नवंबर 2025 से पीएम किसान सम्मान निधि न मिलने की शिकायत पर कृषि अधिकारी को तत्काल जांच कर समाधान के निर्देश दिए। ग्राम तरपाली, चाकीसैण निवासी उमेद सिंह की एनएच-309 धुमाकोट के तहत तरपालीसैंण में आरसीसी सेतु निर्माण के दौरान बिना अनुमति भूमि अधिग्रहण की शिकायत पर एसडीएम चाकीसैण को व्यक्तिगत जांच कर नियमानुसार मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए।

See also  डीएम चमोली ने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की

 

मंजेड़ा निवासी जयपाल सिंह बिष्ट की बणगांव स्थित मातृ-शिशु कल्याण केंद्र में तीन माह से कर्मचारी न होने एवं केंद्र बंद रहने की शिकायत पर सीएमओ को औचक निरीक्षण कर जिम्मेदार अधिकारी/कर्मचारी के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। रिखणीखाल वेलफेयर सोसाइटी के उपाध्यक्ष जेएस बिष्ट की क्षेत्र में बाघ-तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों संबंधी शिकायत पर वन विभाग को गश्त बढ़ाने एवं उपकरणों से निगरानी के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनदर्शन, पत्राचार आदि से प्राप्त शिकायतों पर भी समयबद्ध कार्रवाई की जा रही है। बीरोंखाल के सिंदुड़ी तल्ली निवासी दिनेश गुसाईं की राजस्व मामलों के लिए कैंप की मांग पर जिलाधिकारी के निर्देश से 06 अगस्त 2026 को बीरोंखाल में कैंप लगाकर मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। ग्राम कण्डारा निवासी हुकम सिंह की स्टैंड पोस्ट पर पेयजल बाधित होने की शिकायत पर पाइपलाइन मरम्मत कर 21 जुलाई 2026 को जलापूर्ति सुचारू की गई तथा शिकायतकर्ता से पुष्टि की गई। सतपुली तहसील के कन्दोली निवासी विजय कुमार की भूमि सीमांकन की शिकायत पर राजस्व विभाग ने नियमानुसार सीमांकन कर प्रकरण का त्वरित निस्तारण किया।

See also  वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम को लेकर मुख्य सचिव की बैठक

बैठक में सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।