18 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पल्स पोलियो अभियान को लेकर तैयारी तेज, डीएम पिथौरागढ़ ने की टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक

पल्स पोलियो अभियान को लेकर तैयारी तेज, डीएम पिथौरागढ़ ने की टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक

28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों के संबंध में पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जनपद के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 41,446 बच्चों को पोलियो निरोधक दवा की खुराक पिलाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जनपद भर में 632 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर निकायों तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं तथा दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में भी अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।

See also  अंकिता भंडारी केस को लेकर कांग्रेस हमलावर, सुरेश राठौर की गिरफ्तारी के बाद गरिमा दसौनी ने सरकार को घेरा

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाए तथा अभिभावकों को अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने अभियान के दौरान बूथों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा निगरानी व्यवस्था को भी सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल ने अभियान की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण की जा रही हैं। अभियान में लगे स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है ताकि अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

See also  21 जून को होने वाली नीट परीक्षा को लेकर चमोली में समीक्षा बैठक

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक ने अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है।

बैठक में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की प्रतिनिधि डॉ. मीनाक्षी सुमन ने भी अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक सुझाव दिए तथा पोलियो उन्मूलन के लक्ष्य को बनाए रखने में सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता पर बल दिया। बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं संबंधित विभागों से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को जनपद में पूर्ण सफलता दिलाने हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया तथा कहा कि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

See also  सीएम आवास पर योग दिवस का अभ्यास