9 July 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरा जत्था पहुंचा पिथौरागढ़

कैलाश मानसरोवर यात्रा का दूसरा जत्था पहुंचा पिथौरागढ़

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड में संचालित कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के अंतर्गत गुरुवार को यात्रा के द्वितीय दल का जनपद पिथौरागढ़ पहुंचने पर आत्मीय एवं पारंपरिक स्वागत किया गया। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने जिला प्रशासन की ओर से सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा सफल, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

द्वितीय दल में कुल 47 श्रद्धालु शामिल हैं, जिनमें 34 पुरुष एवं 13 महिला यात्री देश के विभिन्न राज्यों से कैलाश मानसरोवर की पावन यात्रा पर निकले हैं। दल के सबसे कम आयु के यात्री रुषिकेश विनोद मेहाकरे (26 वर्ष, महाराष्ट्र) तथा शैलांशु गोपाल तुषार (26 वर्ष) हैं, जबकि सबसे वरिष्ठ श्रद्धालु अरविंद कुमार श्रीवास्तव (69 वर्ष, मध्य प्रदेश) एवं काली शेखर मुखोपाध्याय (69 वर्ष) हैं।
इस अवसर पर यात्रा दल के लायजन ऑफिसर ने कहा कि 47 श्रद्धालुओं के इस दल का हिस्सा बनना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार एवं कुमाऊँ मंडल विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में यात्रा का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गुंजी पहुंचने के बाद उच्च हिमालयी क्षेत्र की वास्तविक एवं चुनौतीपूर्ण यात्रा प्रारंभ होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से गत वर्ष कैलाश मानसरोवर यात्रा पुनः प्रारंभ हो सकी। साथ ही मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार एवं कुमाऊँ मंडल विकास निगम ने यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं।

See also  समाज कल्याण विभाग के अफसरों को सीएम धामी का अहम निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी ने कहा कि कैलाश मानसरोवर यात्रा जनपद पिथौरागढ़ की प्रतिष्ठित एवं गौरवशाली धार्मिक यात्रा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सहज एवं सुखद यात्रा का अनुभव प्राप्त हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आवास, भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य परीक्षण, एम्बुलेंस, चिकित्सा सहायता, विद्युत, स्वच्छता, परिवहन तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं चिकित्सा सेवाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

See also  जन जन की सरकार शिविरों में उमड़ रही लोगों की भीड़

यात्रा के सफल संचालन में कुमाऊँ मंडल विकास निगम (केएमवीएन), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान सहित सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि द्वितीय दल में गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक एवं तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों के श्रद्धालु शामिल हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह दल आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत गुंजी होते हुए पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा के अगले चरण के लिए प्रस्थान करेगा

See also  मुख्य सचिव ने हरेला पर्व को लेकर सभी डीएम की ली वर्चुअल बैठक