19 March 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

डिजिटल प्रशासन को लेकर पिथौरागढ़ में तीन दिन की ट्रेनिंग कैंप

डिजिटल प्रशासन को लेकर पिथौरागढ़ में तीन दिन की ट्रेनिंग कैंप

डॉ० आर०एस० टोलिया उत्तराखण्ड प्रशासन अकादमी, नैनीताल के तत्वावधान में जनपद मुख्यालय पिथौरागढ़ में आयोजित 3 दिवसीय जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम (17 से 19 मार्च, 2026) का शुभारम्भ आज जिलाधिकारी आशीष भटगांई द्वारा किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशासनिक एवं सेवा सम्बन्धी महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

इस अवसर पर बिकाश कुमार नायक, परियोजना प्रबंधक, डॉ० आर०एस० टोलिया उत्तराखण्ड प्रशासन अकादमी, नैनीताल एवं कुश बिष्ट, पाठ्यक्रम प्रबंधक द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिवस 17 मार्च 2026 को ई-गवर्नेन्स, ई-ऑफिस एवं मिशन कर्मयोगी विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें डिजिटल प्रशासन, कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन तथा मिशन कर्मयोगी के क्रियान्वयन से सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

See also  मुख्य सचिव ने हरिद्वार कुंभ से जुड़े काम अक्टूबर 2026 तक पूरे करने का दिया निर्देश

कार्यक्रम की अगली श्रृंखला में 18 मार्च 2026 को वेतन निर्धारण, पदोन्नति, चयन वेतनमान, प्रोन्नत वेतनमान, समयमान वेतनमान, ए०सी०पी० एवं एम०ए०सी०पी० विषय पर कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जबकि 19 मार्च 2026 को सूचना का अधिकार एवं सेवा का अधिकार विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं उत्तरदायी बनाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन्हें जनपद स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने हेतु सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षित होना आवश्यक है। जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए पूर्ण मनोयोग से सहभागिता करने के निर्देश दिए, ताकि प्रशिक्षण का लाभ कार्यस्थल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके।

See also  श्रीलंका के 40 सिविल सेवा अधिकारी उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन का मॉडल समझने पहुंचे

प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा को नोडल अधिकारी तथा रीप के प्रतीम भट्ट को सह-नोडल अधिकारी नामित किया गया है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।